IPL ऑक्शन से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक ऐसा फैसला लिया है, जिसने कई खिलाड़ियों और फैंस को चौंका दिया है। 16 दिसंबर को होने वाले IPL ऑक्शन से पहले BCCI ने कुछ खिलाड़ियों को ऑक्शन की लिस्ट से बाहर कर दिया है। 9 दिसंबर को जब 350 खिलाड़ियों की फाइनल लिस्ट जारी की गई थी, तब सब कुछ तय माना जा रहा था। लेकिन इसके बाद BCCI ने कुछ नए नाम जोड़े और अब ऑक्शन से सिर्फ तीन दिन पहले उन्हीं खिलाड़ियों को बाहर कर दिया गया। इस फैसले ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
किसका कटा पत्ता?
ऑक्शन से बाहर किए गए खिलाड़ियों में एक खास नाम स्वास्तिक चिकारा का है, जो पिछले सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा थे। उनके अलावा झारखंड के भरोसेमंद बल्लेबाज विराट सिंह और त्रिपुरा के ऑलराउंडर मणि शंकर मूरासिंह को भी बाहर कर दिया गया है। क्रिकेटनेक्स्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती 350 खिलाड़ियों की लिस्ट के बाद BCCI ने 9 खिलाड़ियों को दोबारा जोड़ा था, जिनमें मणि शंकर मूरासिंह का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में था। घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बावजूद अब इन खिलाड़ियों के नाम IPL वेबसाइट से अचानक गायब हो गए हैं।
भारतीय और विदेशी नाम
अगर पूरी लिस्ट की बात करें तो ऑक्शन से बाहर हुए कुल 9 खिलाड़ियों में 6 भारतीय और 3 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ियों में विराट सिंह, स्वास्तिक चिकारा, मणि शंकर मूरासिंह, चामा मिलिंद, केएल श्रीजित और राहुल राज नमाला का नाम है। वहीं विदेशी खिलाड़ियों में मलेशिया के विरनदीप सिंह, ऑस्ट्रेलिया के क्रिस ग्रीन और साउथ अफ्रीका के ईथन बॉश को बाहर किया गया है। ये सभी खिलाड़ी अपने-अपने देश के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके हैं। हालांकि BCCI की ओर से अब तक यह साफ नहीं किया गया है कि इन खिलाड़ियों को किस वजह से ऑक्शन से हटाया गया।
ऑक्शन की पूरी तस्वीर
अब बात करते हैं IPL ऑक्शन की, जो 16 दिसंबर को अबू धाबी के एतिहाद एरीना में होगा। भारतीय समय के अनुसार दोपहर ढाई बजे से ऑक्शन की शुरुआत होगी। इस बार कुल 350 खिलाड़ियों की किस्मत दांव पर होगी, लेकिन सभी पर बोली लगना तय नहीं है। दरअसल, इस बार सिर्फ 77 स्लॉट ही खाली हैं। BCCI के नियम के मुताबिक, एक टीम में ज्यादा से ज्यादा 25 और कम से कम 18 खिलाड़ी होने चाहिए। इसी वजह से कई फ्रेंचाइजी 20 या 21 खिलाड़ियों पर ही अपना पूरा बजट खर्च कर देती हैं। ऐसे में हर बार की तरह इस बार भी सभी स्लॉट भरने की संभावना कम ही नजर आ रही है।