.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D851c7ecd-9841-4f2f-9167-9563fe4e5a00&w=3840&q=75)
Meerut Bhuni Toll Plaza: मेरठ-करनाल राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-709A) पर स्थित भुनी टोल प्लाजा को अब पूरी तरह टोल फ्री कर दिया गया है। यह कदम सेना के जवान से मारपीट की घटना के बाद उठाया गया है। दरअसल, 17 अगस्त की रात गोटका गांव के सैनिक कपिल कुमार छुट्टियां खत्म कर ड्यूटी पर लौट रहे थे। उन्होंने टोलकर्मियों से कहा कि वह स्थानीय निवासी हैं और उन्हें टोल नहीं देना चाहिए। इसी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि टोल कर्मचारियों ने जवान को खंभे से बांधकर पीटा। यह घटना कैमरे में कैद होकर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया और स्थानीय लोगों ने टोल प्लाजा पर हंगामा किया।
NHAI का सख्त एक्शन
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आए और टोल कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू की गई। वहीं, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी एनएचएआई से उच्चस्तरीय जांच रिपोर्ट मांगी। जांच में टोल कंपनी की लापरवाही सामने आने पर एनएचएआई ने ‘मेसर्स धरम सिंह एंड कंपनी’ पर 20 लाख रुपये का जुर्माना ठोका और उनका कॉन्ट्रैक्ट तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिया। साथ ही इस कंपनी को भविष्य की किसी भी टोल निविदा में शामिल होने से रोकने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
यात्रियों को मिली राहत
कॉन्ट्रैक्ट रद्द होने के बाद एनएचएआई ने आदेश जारी किया है कि जब तक नया ठेका नहीं दिया जाता, मेरठ-करनाल हाईवे पर सभी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह टोल फ्री रहेगी। इस फैसले से स्थानीय लोगों और यात्रियों को राहत मिली है। वहीं सेना ने भी इस मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अधिकारियों ने साफ किया है कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में टोल संचालन की व्यवस्था और सख्ती से लागू की जाएगी।