
Rajasthan SI Recruitment 2021: राजस्थान हाईकोर्ट ने सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा 2021 को लेकर आज एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। कोर्ट ने सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 2021 को रद्द करने का फैसला सुनाया है। भर्ती रद्द करने का फैसला जस्टिस समीर जैन की खंडपीठ द्वारा सुनाया गया है। इस भर्ती परीक्षा को लेकर उम्मीदवार साल 2021 से न्याय की मांग कर रहे थे, इस बीच दिल्ली से लेकर पटना तक, कई जगहों पर आंदोलन भी किए गए थे। उच्च न्यायालय ने यह फैसला परीक्षा में गड़बड़ियों एवं पेपर लीक के मामले के चलते लिया है।
भर्ती परीक्षा में बड़े पैमाने पर नकल हुई
हाई कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए कहा कि इस भर्ती परीक्षा में बड़े पैमाने पर नकल हुई है। अब अगली, यानी एसआई की नई भर्ती में 2021 परीक्षा के 859 पद जोड़े जाएंगे। कोर्ट के आदेश के अनुसार 2021 की भर्ती में शामिल रहे ऐसे उम्मीदवार जो अब आयु सीमा पार कर चुके हैं, उन्हें भी 2025 की एसआई भर्ती में आवेदन करने की अनुमति दी गई है।
13 अगस्त को याचिकाएं दाखिल की गई
इस भर्ती में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट में पिछले वर्ष 13 अगस्त को याचिकाएं दाखिल की गई थीं, जिनमें पूरी प्रक्रिया को रद करने की मांग की गई थी। वहीं, राजस्थान हाई कोर्ट की ओर से एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर कोर्ट ने 18 नवंबर 2024 को ट्रेनिंग ले रहे सब इंस्पेक्टर्स की पासिंग आउट परेड और नियुक्ति पर रोक लगा दी थी।
क्या है मामला
आपको बता दें कि साल 2021 में 859 सब इंस्पेक्टर पदों के लिए भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया था। जिसमें यह पता चला था कि परीक्षा से पहले ही पेपर लीक हो चुका था। परीक्षा में कई गड़बड़ियां पाए जाने के बाद सरकार ने एसओजी को जांच सौंपी थी। जिसमें खुलासा हुआ कि परीक्षा से पहले ही पेपर दलालों के हाथों में पहुंच गया था। इस जांच में 50 से अधिक "डमी" उम्मीदवारों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें भर्ती के टॉपर नरेश खिलेरी सहित 51 चयनित SI शामिल थे। इन सभी को राजस्थान पुलिस ने निलंबित कर दिया।