मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में बड़ा घोटाला सामने आया है। खंडवा जिले के बामनगांव में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 19 शादीशुदा जोड़ों ने दोबारा सात फेरे ले लिए, सिर्फ 59 हजार रुपए की सरकारी सहायता पाने के लिए। इस फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब सोशल मीडिया पर इनकी पुरानी और नई शादी की तस्वीरें वायरल हो गईं। खास बात यह है कि इनमें एक जोड़ा ऐसा भी है जिसने एक महीने में ही तीन बार शादी की रस्म दोहराई। विधायक कंचन तनवे ने पहले भी इन्हीं जोड़ों को आशीर्वाद दिया था, अब दोबारा वैवाहिक मंच पर देखकर सभी हैरान रह गए। यह मामला अब राज्यभर में चर्चा का विषय बन गया है।
पैसों के लिए दोबारा लिए सात फेरे
खंडवा के ग्राम बामनगांव अखाई में 14 मई को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 198 जोड़ों की शादी कराई गई। जांच में सामने आया कि इनमें से 19 जोड़े पहले ही 30 अप्रैल को अनाज मंडी में सामूहिक विवाह कर चुके थे। इन जोड़ों ने सिर्फ 59 हजार रुपये की सहायता राशि पाने के लिए दोबारा शादी की रस्में निभाईं।
एक जोड़े ने रचाई तीसरी बार शादी
इस फर्जीवाड़े में एक जोड़ा सबसे आगे निकला, जिसने 15 अप्रैल को पहली बार शादी की, फिर 30 अप्रैल को दूसरी बार और 14 मई को तीसरी बार सामूहिक विवाह में शामिल हुआ। दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिससे उनकी पहचान भी हो गई है।
विधायक ने दो बार दिया आशीर्वाद
दिलचस्प बात यह है कि विधायक कंचन तनवे ने इन जोड़ों को अनाज मंडी में भी आशीर्वाद दिया था और बाद में बामनगांव में हुए विवाह में भी शिरकत की। अब जब तस्वीरें सामने आईं, तो खुद विधायक भी हैरान रह गईं।
योजनाओं का हो रहा दुरुपयोग
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत नवविवाहित कन्याओं को 59 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाती है। लेकिन अब इस योजना का दुरुपयोग कर कुछ लोग दोबारा शादी रचाकर सरकार से लाभ लेने में लगे हैं। इससे ना सिर्फ सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है, बल्कि असली जरूरतमंदों का हक भी मारा जा रहा है।