उत्तर प्रदेश सरकार की एक और बड़ी पहल यात्रियों के लिए खुशखबरी लेकर आई है. बरेली से मथुरा-वृंदावन जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को अब लंबा सफर नहीं करना पड़ेगा. नया नेशनल हाईवे 530बी पूरी तरह बनकर तैयार हो चुका है, जिससे बरेली से मथुरा की दूरी अब 60 किलोमीटर कम हो गई है. इस रूट से सफर करने पर यात्रियों का दो घंटे तक का समय बचेगा और पहले की तुलना में यात्रा कहीं ज्यादा आरामदायक और जाम मुक्त होगी.
अब नहीं लगेगा घंटों तक जाम
इस हाईवे के जरिए अब यात्री हाथरस होते हुए मथुरा पहुंचेंगे. खास बात यह है कि राया कट की दूरी, जिसे पहले तय करने में घंटों लगते थे, अब मात्र 22 मिनट में पूरी की जा सकेगी. लंबे समय से इस मार्ग पर लगने वाला जाम अब बीते दिनों की बात हो जाएगा.
30 जून को होगा हाईवे का उद्घाटन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इस हाईवे का औपचारिक उद्घाटन 30 जून को किया जाएगा. हालांकि फिलहाल कुछ वाहन इस मार्ग से गुजर रहे हैं, लेकिन उद्घाटन के बाद यह रूट पूरी तरह से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा. राया के पास बने पुलों का निर्माण कार्य भी पूर्ण हो चुका है.
जेवर एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी
तीर्थयात्रियों के साथ-साथ अब हवाई सफर करने वालों को भी इस हाईवे से लाभ मिलेगा. इस रूट के जरिए हाथरस और आसपास के जिलों से जेवर एयरपोर्ट तक सीधी पहुंच संभव हो गई है. अब यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट जाने की आवश्यकता नहीं होगी. इस रूट से जेवर एयरपोर्ट महज 1 घंटे 15 मिनट में पहुंचा जा सकता है, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी.
टोल वसूली को लेकर उठे सवाल
हालांकि हाईवे पर टोल टैक्स वसूली शुरू होते ही विवाद भी सामने आने लगे हैं. इगलास थाना क्षेत्र के जवाहर गांव में बने टोल प्लाजा पर अभी से शुल्क लिया जा रहा है, जबकि पूरा हाईवे अभी औपचारिक रूप से चालू नहीं हुआ है. लेकिन इसको लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है. परियोजना से जुड़े पीएनसी प्रोजेक्ट के कोऑर्डिनेटर आशीष बंसल के अनुसार, हाईवे को अस्थाई रूप से खोला गया है और यात्री अब नगला उम्मेद और बुधू नगला हेमराज होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे तक 22 मिनट में पहुंच सकते हैं.
क्षेत्रीय विकास को मिलेगा नया आयाम
इस नए हाईवे के शुरू होने से क्षेत्र में सिर्फ यात्रा ही नहीं, बल्कि रोजगार, व्यापार और तकनीकी विकास को भी बढ़ावा मिलेगा. मथुरा और वृंदावन जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों तक पहुंच आसान होने से पर्यटन उद्योग में तेजी आएगी. इससे स्थानीय लोगों के लिए नए रोजगार के अवसर भी खुलेंगे.
बरेली से मथुरा-वृंदावन के लिए नए हाईवे की शुरुआत न सिर्फ तीर्थयात्रियों के लिए राहत की खबर है, बल्कि यह यूपी के पश्चिमी हिस्से में विकास की रफ्तार को भी नया आयाम देगी. यह परियोजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विकास नीति की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है.