Namo bharat train: अगर आप भी दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस पर दैनिक यात्री हैं तो आपके लिए खुशखबरी है. क्योंकि अब यात्रियों की सुरक्षा के लिए एक कदम और आगे बढ़ गया है. जी हां नमो भारत यानि रैपिड़ से उतरते ही आपको टैक्सी करने की जरूरत नहीं होगी. बल्कि कई रूट्स के लिए एसी बसों की सुविधा शुरू कर दी गई है. जानकारी के मुताबिक नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने नमो भारत यात्रियों को लास्ट माइल कनेक्टिविटी देने के लिए एयर कंडीशन्ड ई-बसें चलाने का फैसला किया है.
न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक चल रही नमो भारत
दरअसल, वर्तमान में नमो भारत ट्रेन दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक चल रही है. यह पूरा रूट 82 किलोमीटर लंबा है. लेकिन यात्रियों को न्यू अशोक नगर पहुंचने के बाद अपने गणत्व्य तक जाने के लिए कोई साधन नहीं मिल रहा था. जिसके चलते यात्रियों को टैम्पो या टैक्सी की मदद लेनी पड़ रही थी. ये साधन यात्रियों की जेब पर ज्यादा असर डाल रहे थे. जिसे देखते हुए NCRTC ने बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए एसी बसें चलाने के फैसला लिया है.
तीन रूटों पर शुरू हुई सेवा
शुरुआत एसी बसों की सुविधा न्यू अशोक नगर और आनंद विहार नमो भारत स्टेशनों से शुरू की गई हैं. तीन खास रूट तय किए गए हैं. न्यू अशोक नगर से आनंद विहार ISBT, आनंद विहार ISBT से अशोक नगर बॉर्डर और अशोक नगर बॉर्डर से मयूर विहार फेज-3 पेपर मार्केट. ये ई-बसें सुबह 6:30 बजे से रात 11 बजे तक चलेंगी और छिल्ला गांव, न्यू कोंडली, डल्लूपुरा, त्रिलोकपुरी जैसे कई इलाकों को हाई-स्पीड रैपिड रेल नेटवर्क से जोड़ेंगी.