
Big relief before Diwali: दिल्ली सरकार ने राजधानी के व्यापारियों को दीपावली से पहले बड़ी सौगात देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की कि 2019 से लंबित लगभग 1600 करोड़ रुपये का GST रिफंड त्योहार से पहले कारोबारियों के खातों में पहुंचा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने इस वाजिब हक को लौटाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसके कारण व्यापारियों की गाढ़ी कमाई सालों तक अटकी रही। सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रिफंड की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए, ताकि व्यापारी त्योहार को और समृद्धि के साथ मना सकें।
IT मॉड्यूल से तेज होगी रिफंड प्रक्रिया
मुख्यमंत्री ने बताया कि रिफंड की निपटान प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने के लिए दिल्ली GST विभाग ने IIT-हैदराबाद के सहयोग से एक उन्नत IT मॉड्यूल तैयार किया है। यह सिस्टम डेटा एनालिटिक्स, ऑटोमेशन और त्वरित जांच पर आधारित होगा, जिससे रिफंड आवेदन जल्दी निपटेंगे और कारोबारियों को पूंजी की उपलब्धता समय पर हो सकेगी। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया कि सभी निर्विवादित और वास्तविक रिफंड आवेदनों का निपटान जल्द से जल्द किया जाए, ताकि व्यापारियों का मुकदमेबाजी का खर्च भी घटे और दिल्ली की आर्थिक प्रगति को गति मिल सके।
यह भी देखेंःPawan Singh apologized: पवन सिंह का विवाद, वीडियो वायरल होने के बाद मांगी माफी, अंजलि ने छोड़ी इंडस्ट्री
व्यापारियों के हित में बनेगा ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का लक्ष्य दिल्ली में ईज ऑफ डूइंग बिज़नेस को मजबूत बनाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की चुनौतियों को समझते हुए उनके हितों की रक्षा और संवर्धन के लिए लगातार ठोस कदम उठाए जाएंगे। इसी कड़ी में दिल्ली सरकार ने ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड के गठन का भी ऐलान किया है, जिसमें व्यापारियों को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। सरकार का मानना है कि समयबद्ध रिफंड और संस्थागत समर्थन से कारोबारियों को राहत मिलेगी और राजधानी की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।