Delhi Murder Case: दिल्ली पुलिस ने आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। उसे OYO Rooms के एक होटल से द्वारका इलाके में दबोचा गया। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कैलाश हिल्स में हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। गिरफ्तारी के बाद अब मामले में कई अहम खुलासे सामने आ रहे हैं।
CCTV फुटेज में कैद हुई वारदात
जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी राहुल की गतिविधियां साफ दिख रही हैं। पहली फुटेज सुबह 6:28 बजे की है, जिसमें वह पीली शर्ट और काली पैंट पहनकर घर की ओर जाता नजर आता है। दूसरी फुटेज 7:22 बजे की है, जब वह वारदात को अंजाम देकर बाहर निकलता दिखता है। इस दौरान उसके कपड़े बदल चुके थे—वह पीली शर्ट के साथ सफेद पैंट में था और उसके कंधे पर एक बैग भी नजर आया।
घर की जानकारी का उठाया फायदा
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि आरोपी पहले इसी घर में घरेलू कर्मचारी के रूप में काम कर चुका था। उसे परिवार की दिनचर्या और घर की पूरी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने उस समय वारदात को अंजाम दिया, जब युवती घर में अकेली थी।
यह भी देखेंःElection Commission Cracks Down: चुनाव आयोग की सख्ती, बंगाल-तमिलनाडु में 1000 करोड़ से ज्यादा की जब्ती
आदतें बनी वजह?
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी को कुछ समय पहले नौकरी से निकाल दिया गया था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। वह ऑनलाइन गेम खेलने का आदी था और आसपास के लोगों से पैसे उधार लेता था, जिन्हें वापस नहीं करता था। पुलिस को शक है कि आर्थिक तंगी और निजी कारण इस अपराध के पीछे हो सकते हैं।
जल्द होगा खुलासा
दिल्ली पुलिस के अनुसार आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे के असली कारणों का पता लगाया जा सके। साथ ही इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।