.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D1c03e390-48c5-4bb4-bcc7-c9d8bc29add7&w=3840&q=75)
PM Modi visit to Manipur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित मणिपुर दौरे से पहले राज्य में शांति बहाली की दिशा में बड़ी उपलब्धि सामने आई है। कुकी-जो काउंसिल ने नेशनल हाइवे-2 को खोलने का ऐलान किया है। यह हाइवे मणिपुर की राजधानी इंफाल को कांगपोकपी और चुराचांदपुर जैसे शहरों से जोड़ता है और इसे राज्य की लाइफ लाइन माना जाता है। जातीय हिंसा के बाद कुकी समुदाय ने इस हाइवे को बंद कर दिया था, जिससे आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। गृह मंत्रालय और कुकी-जो काउंसिल के बीच लगातार हुई बैठकों के बाद यह अहम समझौता हुआ है।
गृह मंत्रालय और कुकी-जो काउंसिल के बीच समझौता
गृह मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि कुकी-जो काउंसिल ने न केवल हाइवे खोलने का फैसला किया है बल्कि सुरक्षाबलों के साथ सहयोग करने की भी प्रतिबद्धता जताई है। दोनों पक्षों के बीच शांति बहाली से जुड़े अन्य बिंदुओं पर भी सहमति बनी है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि अब एक संयुक्त निगरानी समिति (ज्वाइंट मॉनिटरिंग ग्रुप) इस फैसले पर नजर रखेगी ताकि किसी भी तरह का उल्लंघन न हो और ‘सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशंस’ समझौते का पालन हो।
मणिपुर के लिए राहत और उम्मीद
एनएच-2 के खुलने से राज्य में जीवन सामान्य होने की उम्मीद बढ़ गई है। यह सड़क मणिपुर की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहद अहम है, क्योंकि इसके जरिए राजधानी से अन्य बड़े कस्बों तक जरूरी सामान और सेवाएं पहुंचती हैं। पीएम मोदी का 13 सितंबर का प्रस्तावित दौरा इस सफलता को और मजबूती देगा। लंबे समय से जारी वार्ता और प्रयासों का परिणाम अब सामने आया है, जिससे यह उम्मीद की जा रही है कि राज्य में शांति और स्थिरता लौटाने की दिशा में यह कदम मील का पत्थर साबित होगा।