.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D06245bcc-4b38-4386-a3a5-3949505f2267&w=3840&q=75)
3 terrorists of Jaish-e-Mohammed: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। खुफिया इनपुट में सामने आया है कि पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े तीन आतंकी नेपाल बॉर्डर से बिहार में दाखिल हो चुके हैं। इनकी पहचान हसनैन अली, आदिल हुसैन और मोहम्मद उस्मान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ये आतंकी अगस्त के दूसरे सप्ताह में काठमांडू पहुंचे थे और हाल ही में नेपाल की सीमा पार कर बिहार में घुसे हैं। इस सूचना के बाद पूरे राज्य में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और सीमावर्ती इलाकों में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया गया है।
संदिग्धों पर कड़ी नजर, किसी भी सुराग पर त्वरित कार्रवाई
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों और खुफिया इकाइयों को अलर्ट पर रखा है। निर्देश दिए गए हैं कि संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी तरह की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाए। पासपोर्ट और अन्य जानकारियां सुरक्षा एजेंसियों के साथ साझा कर दी गई हैं ताकि आतंकी किसी भी तरह की वारदात को अंजाम न दे सकें। खासकर नेपाल से सटे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है।
यह भी देखेंःNo Helmet No Fuel: UP में चला बड़ा अभियान: बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा, 1 से 30 सितम्बर तक नियम लागू
चुनावी माहौल में बढ़ा खतरा
खुफिया सूत्रों का कहना है कि इन आतंकियों की योजना देश के किसी भी हिस्से में हमला करने की हो सकती है। बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह खतरा और गंभीर माना जा रहा है, क्योंकि भीड़भाड़ वाले राजनीतिक कार्यक्रम और जनसभाएं आतंकियों के निशाने पर हो सकती हैं। इस वजह से राज्य पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ काम कर रही हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।