.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D902d7c08-2b38-4fa9-87de-18dcc195cf1a&w=3840&q=75)
Bihar Assembly Elections: बिहार की राजनीति में नई हलचल मचाते हुए जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने ऐलान किया है कि वे आगामी विधानसभा चुनाव करगहर सीट से लड़ेंगे। उन्होंने एक डिजिटल कार्यक्रम में कहा कि इंसान को दो जगह से चुनाव लड़ना चाहिए—एक जन्मभूमि और दूसरी कर्मभूमि से। इसी तर्ज पर उन्होंने करगहर को अपनी जन्मभूमि बताते हुए कहा कि वह यहीं से चुनाव लड़ना चाहेंगे। करगहर विधानसभा सीट रोहतास जिले में आती है और यह ब्राह्मण बहुल मानी जाती है।
करगहर सीट पर नया समीकरण
पिछले चुनाव में इस सीट से कांग्रेस के संतोष मिश्रा विजयी रहे थे, जबकि जेडीयू के वशिष्ठ सिंह दूसरे स्थान पर रहे। इस बार इस सीट से दिनेश राय और भोजपुरी गायक रितेश पांडेय के भी चुनाव लड़ने की चर्चा थी, लेकिन प्रशांत किशोर ने पहले ही अपनी दावेदारी ठोक दी। उनकी घोषणा के बाद इस सीट पर मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनकी मौजूदगी से करगहर का सियासी समीकरण पूरी तरह बदल सकता है।
यह भी देखेंःBig explosion In Pakistan: पाकिस्तान के क्वेटा में बड़ा धमाका, बीएनपी रैली पर हमला, 14 की मौत और 35 घायल
जन सुराज अभियान का असर
पिछले दो वर्षों से प्रशांत किशोर पूरे बिहार में जन सुराज यात्रा के माध्यम से जनता से जुड़ रहे हैं। वे लगातार मौजूदा राजनीतिक दलों पर आरोप लगाते रहे हैं कि तीन दशकों में बिहार की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ। उनकी यह यात्रा गांव-गांव तक पहुंची है और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का प्रयास किया गया है। अब देखना होगा कि करगहर से चुनाव लड़ने का उनका निर्णय मतदाताओं को किस हद तक प्रभावित करता है और क्या यह उन्हें बिहार की राजनीति में मजबूत आधार दिला पाएगा।