बिहार में नई सरकार के गठन के साथ ही मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम की संपत्ति को लेकर चर्चा तेज है। नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है, जबकि सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने डिप्टी सीएम के रूप में जिम्मेदारी संभाली है। तीनों ही नेता करोड़पति हैं, लेकिन नेटवर्थ की तुलना करें तो किसके पास सबसे ज्यादा संपत्ति है—यह जानना दिलचस्प है।
नीतीश कुमार की कुल संपत्ति
10वीं बार मुख्यमंत्री बने नीतीश कुमार की कुल नेटवर्थ लगभग 1.64 करोड़ रुपये के करीब बताई जाती है। उनके पास लगभग 21 हजार रुपये नकद और बैंक खातों में 60 हजार रुपये से थोड़ा ज्यादा राशि मौजूद है। नीतीश कुमार की सबसे ज्यादा संपत्ति अचल रूप में है, जिसकी कीमत करीब 1.48 करोड़ रुपये आंकी गई है। तुलना करें तो तीनों नेताओं में नीतीश की संपत्ति सबसे कम है।
सम्राट चौधरी कितने संपन्न?
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की नेटवर्थ करीब 11.34 करोड़ रुपये से अधिक दर्ज है। उनके और उनके परिवार के पास लगभग 1.71 लाख रुपये नकद और करीब 27 लाख रुपये बैंक खातों में जमा हैं। सोने की ज्वेलरी की कीमत लगभग 40 लाख रुपये है। जमीन-जायदाद की बात करें तो सम्राट चौधरी के परिवार के पास 8 करोड़ रुपये से अधिक की कृषि एवं गैर-कृषि भूमि है। खास बात यह है कि उन पर किसी तरह का कर्ज नहीं है।
विजय कुमार सिन्हा सबसे धनी डिप्टी सीएम
नेटवर्थ के मामले में विजय कुमार सिन्हा सबसे आगे हैं। उनकी कुल संपत्ति लगभग 11.62 करोड़ रुपये बताई गई है। हालांकि उन पर करीब 1.21 करोड़ रुपये का कर्ज भी है। उनके पास 59 लाख रुपये बैंक डिपॉजिट, 91 लाख रुपये के शेयर-बॉन्ड निवेश और करीब 59 लाख की गोल्ड ज्वेलरी है। अचल संपत्ति में उनके नाम 4 करोड़ रुपये से अधिक की कॉमर्शियल बिल्डिंग्स और लगभग 2 करोड़ रुपये के रेजिडेंशियल घर शामिल हैं।