.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D4fdfb12a-82da-4d2a-ae6c-b3513230aabe&w=3840&q=75)
Bihar Deputy CM Vijay Kumar Sinha: बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने गया दौरे के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी को "पप्पू" कहते हुए कहा कि वह पप्पू की तरह बात करते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे लोकप्रिय नेता को कमजोर बताना उनकी नासमझी है। गया पहुंचे विजय सिन्हा ने विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना और फल्गु नदी में तर्पण करने के बाद मीडिया से बातचीत में यह बयान दिया।
सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह पर भी टिप्पणी
विजय कुमार सिन्हा ने राहुल गांधी के साथ-साथ सोनिया गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान सोनिया और राहुल ने तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को कठपुतली की तरह नचाया। उनके अनुसार, मनमोहन सिंह सबसे कमजोर प्रधानमंत्री साबित हुए, जबकि नरेंद्र मोदी ने मजबूत नेतृत्व देकर देश की साख बढ़ाई है। सिन्हा ने कहा कि पीएम मोदी ने महिलाओं के सम्मान की रक्षा की है और पाकिस्तान में बैठे आतंकियों को खत्म करने का साहस दिखाया है।
"मोदी विश्व के लोकप्रिय नेता"
डिप्टी सीएम ने कहा कि नरेंद्र मोदी का डंका न केवल देश बल्कि विदेशों में भी बज रहा है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के बाद मोदी को ऐसा प्रधानमंत्री बताया है जिन्होंने भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को नई ऊंचाई दी है। सिन्हा ने कहा कि जो नेता आतंकवादियों के ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक और एयरस्ट्राइक करवा सकता है, उसे कमजोर बताना गलत है। उन्होंने दोहराया कि राहुल गांधी पप्पू हैं और उसी तरह बातें करते हैं, जबकि मोदी ने देश का मान-सम्मान विश्व पटल पर बढ़ाया है।