Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले चुनाव आयोग ने मतगणना प्रक्रिया में ऐतिहासिक बदलावों की घोषणा की है। अब वोटों की गिनती के दौरान पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए नए नियम लागू होंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि अगर ईवीएम गिनती में कोई भी मिसमैच पाया गया, तो उस केंद्र की सभी VVPAT पर्चियों की गिनती अनिवार्य रूप से की जाएगी। इसके साथ ही पोस्टल बैलेट, बूथ व्यवस्था और मॉक पोल प्रक्रिया में भी अहम सुधार किए गए हैं।
VVPAT और पोस्टल बैलेट पर सख्ती
चुनाव आयोग ने इस बार मतगणना की प्रक्रिया में पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। ईवीएम और VVPAT में किसी भी प्रकार के असमानता पाए जाने पर संबंधित सभी वीवीपैट की गिनती दोबारा होगी। वहीं, पोस्टल बैलेट की गिनती ईवीएम की अंतिम दो राउंड से पहले पूरी करनी होगी। इससे मतगणना में देरी भी कम होगी और किसी भी प्रकार के विवाद की गुंजाइश नहीं बचेगी।
बूथ पर नई व्यवस्था और वेबकास्टिंग
इस बार राज्य में करीब 90 हजार बूथ बनाए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर अधिकतम 1200 मतदाता ही होंगे ताकि भीड़ और अव्यवस्था से बचा जा सके। खास बात यह है कि हर बूथ पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की सुविधा होगी। इससे मतदान से लेकर गिनती तक की हर गतिविधि लाइव मॉनिटर की जा सकेगी। साथ ही उम्मीदवार केवल 100 मीटर के भीतर ही अपने चिन्ह लगा सकेंगे।
मॉक पोल और फॉर्म 17C की नई प्रक्रिया
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि उम्मीदवारों के पोलिंग एजेंट मॉक पोल के दौरान सभी मतदान प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। फॉर्म 17C में दर्ज वोटों की गिनती एजेंट्स द्वारा सत्यापित करना अनिवार्य होगा। इससे किसी भी स्तर पर गड़बड़ी की संभावना खत्म होगी। आयोग का मानना है कि इन प्रक्रियाओं से मतदाता और उम्मीदवार दोनों में चुनाव के प्रति विश्वास बढ़ेगा।
BLOs की मेहनत को मिली सराहना
बिहार के 90,217 बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLOs) ने मतदाता सूची को शुद्ध बनाने में बड़ी भूमिका निभाई है। आयोग ने कहा कि SIR प्रक्रिया के दौरान BLOs ने मतदाता सूची को सटीक और अद्यतन किया, जिससे लोकतंत्र की नींव और मजबूत हुई है। आयोग ने बिहार के BLOs को पूरे देश के लिए प्रेरणा बताया।
मतदाताओं के लिए विशेष संदेश
ज्ञानेश कुमार ने मतदाताओं से अपील की कि वे चुनाव को ‘लोकतंत्र का महापर्व’ मानकर भागीदारी निभाएं। उन्होंने भोजपुरी और मैथिली में संदेश देते हुए कहा—“जैसे हम छठ पर्व को आस्था से मनाते हैं, वैसे ही लोकतंत्र के पर्व को भी जिम्मेदारी से मनाएं और वोट करें।”
चुनाव की अंतिम तैयारियां
आयोग ने पटना में सभी जिला अधिकारियों और राजनीतिक दलों के साथ समीक्षा बैठकें पूरी कर ली हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सभी तैयारियां 20 नवंबर से पहले पूरी कर ली जाएंगी। चुनाव आयोग का कहना है कि इस बार बिहार में पारदर्शिता, तकनीक और मतदाता विश्वास तीनों ही स्तर पर लोकतंत्र का उत्सव नजर आएगा।