बिहार विधानसभा चुनाव के बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बयान सियासी हलचल का कारण बन गया है। उन्होंने शुक्रवार को बिहार में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा तंज कसा। डॉ. मोहन ने कहा—“घोड़ी तैयार, बाराती तैयार, लेकिन दूल्हा भाग गया… उस दूल्हे का नाम राहुल गांधी है।” उनके इस बयान से चुनावी मंच पर ठहाके गूंज उठे।
बिहार में सीएम मोहन की तीन बड़ी जनसभाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार सुबह 9:40 बजे भोपाल से बिहार रवाना हुए। वहां उन्होंने बेलहर, पिपरा और बोधगया विधानसभा क्षेत्रों में तीन जनसभाएं कीं। बेलहर के फुल्लीडूमर मैदान से शुरुआत करते हुए उन्होंने जनता से केंद्र की नीतियों के समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए बिहार को स्थिर और मजबूत नेतृत्व की जरूरत है।
राहुल गांधी पर ‘भागे हुए दूल्हे’ वाला तंज
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति अब “घोषणाओं और दिखावे” तक सीमित हो गई है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “घोड़ी तैयार है, बाराती तैयार हैं, लेकिन दूल्हा यानी राहुल गांधी भाग गए।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि जब जनता फैसला करने को तैयार है, तब राहुल गांधी चुनावी मैदान छोड़कर पंचमढ़ी की वादियों में सैर कर रहे हैं।
INDI गठबंधन पर हमला, बोले- भ्रम फैलाने में व्यस्त
सभा के दौरान डॉ. मोहन ने कहा कि INDI गठबंधन जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि ये दल अपने स्वार्थ के लिए एकजुट हुए हैं, न कि जनता के विकास के लिए। उन्होंने भीड़ से अपील की कि वे झूठे वादों से सावधान रहें और विकास की राजनीति को समर्थन दें।
शाम को लौटेंगे भोपाल, करेंगे वर्चुअल बैठक
बिहार में व्यस्त प्रचार कार्यक्रमों के बाद डॉ. मोहन यादव शाम 5:30 बजे भोपाल लौटेंगे। लौटने के बाद वे 6:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रशासनिक बैठक करेंगे। उन्होंने कहा कि वे चुनावी जनसभाओं के बाद भी प्रदेश के विकास कार्यों पर लगातार नजर बनाए रखेंगे।