
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एक ओर नामांकन को लेकर विवाद देखने को मिल रहा है। वहीं अब डर के साय में नामांकन वापस लिया जा रहा है। बाहुबली मुन्ना क्ला की बेटी के खिलाफ उतरने वाले कांग्रेस के प्रत्याशी ने वैशाली जिले के लालगंज विधानसभा सीट से अपना नाम वापस ले लिया है। लालगंज विधानसभा सीट से बाहुबली मुन्ना शुक्ला की बेटी को राजद ने टिकट दिया था। मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया था। इसके बाद कांग्रेस के उम्मीदवार आदित्य कुमार उर्फ राजा ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन वापस लेने की तारीख सोमवार थी। इसमे आदित्य कुमार उर्फ राजा ने अपने नाम को वापस ले लिया है। इसकी जानकारी वैशाली डीएम वर्षा सिंह की ओर से दी गई। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए ये जानकारी दी।
नामांकन को रिजेक्ट किया गया था
वैशाली डीएम का कहना है कि वैशाली जिले में चार उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस ले लिया है। वैशाली जिले में 134 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया था। इसमें 25 उम्मीदवारों के नामांकन को रिजेक्ट किया गया था। इसके बाद कल 109 उम्मीदवार थे। बिहार विधानसभा चुनाव में वैशाली जिले से 105 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। हाजीपुर विधानसभा क्षेत्र से 12 उम्मीदवार, लालगंज विधानसभा से 10 उम्मीदवार, वैशाली विधानसभा क्षेत्र से 13, महनार विधानसभा से 18 उम्मीदवार, पातेपुर विधानसभा से 10 उम्मीदवार, राजापाकड़ विधानसभा में 14 उम्मीदवार, महुआ विधानसभा क्षेत्र से 15 उम्मीदवार, राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से 13 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उम्मीदवार हैं।
चुनाव को लेकर पूरी तैयारी हो चुकी है
लालगंज विधानसभा क्षेत्र से एक उम्मीदवार, महुआ विधानसभा क्षेत्र से दो उम्मीदवार, महनार विधानसभा क्षेत्र से एक उम्मीदवार ने अपना नाम वापस ले लिया है। वहीं वैशाली डीएम ने बताया कि चुनाव को लेकर पूरी तैयारी हो चुकी है। पूरे जिले में पर्याप्त EBM मौजूद है। वहीं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को भी वैशाली जिले में तैनात है।