
यूपी के सोनभद्र जिले की पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. दरअसल पुलिस ने झारखंड में दबिश देकर बिहार में प्रतिबंधित कफ सिरफ की सप्लाई का खुलासा कर दिया है. सोनभद्र के डॉल्टेनगंज से पीछा करते हुए पुलिस टीम ने झारखंड की राजधानी रांची के पास मांडर थाना क्षेत्र में दो ट्रकों को पकड़ा. इन ट्रकों में चावल की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही 13400 से अधिक शीशियां बरामद की गई है. बताया जा रहा है कि इन शीशियों में कफ सिरप है. ये कफ सिरफ की खेप मुंबई से चली थी और यूपी-झारखंड के रास्ते बिहार में सप्लाई होनी थी.
सोनभद्र पुलिस ने रांची पुलिस की मदद से की धरपकड़
सोनभद्र पुलिस के अनुसार क्राइम ब्रांच गाजियाबाद की टीम से इनपुट मिला था. जिसमें बताया गया था कि प्रतिबंधित कफ सिरफ की खेप लेकर दो ट्रक सोनभद्र से गुजरने वाले हैं. ये ट्रक झारखंड की राजधानी रांची होते हुए बिहार सीमा में प्रवेश करने वाले हैं. इस इनपुट पर हरकत में आई सोनभद्र पुलिस की एसओजी टीम ने नाका लगाया और इन दोनों ट्रकों का पीछा करते हुए रांची के मांडर थाना क्षेत्र में पहुंच गई. इत्तेफाक से आगे सड़क पर जाम लगा हुआ था, ऐसे में एसओजी टीम ने तत्काल रांची पुलिस को अपडेट दिया और फिर संयुक्त ऑपरेशन में इन दोनों ट्रकों को घेर कर पकड़ लिया गया.
प्रतिबंधित फ्रेंसाड्रिप कफ सिरफ की मिली खेप
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक दोनों ट्रकों में से प्रतिबंधित फ्रेंसाड्रिप कफ सिरप की खेप मिली है. पुलिस टीम ने चावल की बोरियों के नीचे छिपाई गई 13400 से अधिक शीशियां बरामद की है. वहीं खुले बाजार में इस माल की कीमत सवा करोड़ से अधिक बताई जा रही है. हालांकि बिहार पहुंचा कर तीन करोड़ से भी अधिक कीमत में इसे बेचने का प्लान बनाया गया था. इस मामले में पुलिस ने ट्रक चालक को अरेस्ट कर लिया है. उसकी पहचान मुंबई के रहने वाले वसीम शेख के रूप में की गई है.
हर पांच सौ किमी पर बदल रहे थे ड्राइवर
पुलिस के मानें अब तक यह साफ नहीं हो सका है कि यह खेप कहां से चली थी और बिहार में किस स्थान पर इसे उतारा जाना था. दरअसल इसकी बड़ी वजह यह है कि हर पांच सौ किमी पर इन ट्रकों के ड्राइवर बदल दिए जाते थे. पकड़े गए ड्राइवर वसीम शेख ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसे ट्रक को झारखंड के नेवड़ी बॉर्डर तक ले जाना था. वहां से दूसरा ड्राइवर इसे आगे ले जाने वाला था. इसी तरह यूपी की सीमा में उसे अन्य ड्राइवर ने ट्रक सौंपा था.
इसे भी पढ़ें : Bihar Election में योगी-अखिलेश की अग्निपरीक्षा, क्या केशव, बृजेश पाठक दिखा पाएंगे कमाल, पढ़ें Excluisve रिपोर्ट
गाजियाबाद पुलिस को जांच के दौरान मिला इनपुट
पुलिस का कहना है कि इस खेप का इनपुट गाजियाबाद पुलिस से मिला था. दरअसल गाजियाबाद पुलिस पहले से कफ सिरफ तस्करी मामले की जांच कर रही है. इन तस्करों में से एक गाजियाबाद का ही है. उसी का पीछा करते हुए गाजियाबाद पुलिस को इस खेप का इनपुट मिला, लेकिन जब गाजियाबाद पुलिस ने इस खेप को ट्रेस किया,तो उस समय तक ये ट्रक सोनभद्र सीमा में आ चुका था. वहीं जब तक सोनभद्र पुलिस एक्टिव होती, तो ये ट्रक झारखंड सीमा में पहुंच गए. ऐसे में सोनभद्र पुलिस को इनका रांची तक पीछा करना पड़ा.