बिहार चुनाव के पहले चरण में वोटिंग जारी है और इसी के साथ बड़े नेताओं की किस्मत EVM में बंद हो रही है लेकिन चुनावी माहौल के बीच एक सवाल सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है कि तेजस्वी यादव, नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी… आखिर इनमें सबसे अमीर कौन है. जनता मंच पर भाषण सुनती है, लेकिन असली क्योरिसिटी नेताओं की जेब पर रहती है. इसी को खत्म करते हैं और बताते हैं कि तीनों दिग्गजों में कौन 'सबसे बड़ा धनपति' है.
नीतीश कुमार और तेजस्वी में कौन आगे ?
सबसे पहले बात बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की. जितना साधारण उनका स्वभाव दिखता है, उतनी ही साधारण उनकी संपत्ति भी है. सरकारी वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के मुताबिक नीतीश कुमार की कुल नेटवर्थ 1.64 करोड़ रुपये है. उनके पास सिर्फ 21,000 रुपये के करीब नकद, लगभग 60,000 रुपये बैंक बैलेंस, करीब 17 लाख की चल संपत्ति और 1.48 करोड़ की अचल संपत्ति है. अब आते हैं लालू प्रसाद यादव के बेटे और महागठबंधन के स्टार चेहरे तेजस्वी यादव पर, क्योंकि करोड़पति क्लब में शामिल तेजस्वी की नेटवर्थ करीब 8.1 करोड़ रुपये है. इनमें 6.12 करोड़ की चल संपत्ति, 1.88 करोड़ की अचल संपत्ति, करीब 1.35 करोड़ का लोन, 200 ग्राम सोना और लाइसेंसी पिस्टल भी शामिल है. चुनावी मैदान में भाषण भले ही सादगी की बात करते हों, लेकिन नेटवर्थ देखकर साफ है कि तेजस्वी बिहार की नई जनरेशन के सबसे अमीर नेताओं में गिने जाते हैं.
दोनों से कहीं आगे सम्राट चौधरी
लेकिन असली खेल यहां पलटता है क्योंकि इन दोनों से कहीं आगे सम्राट चौधरी निकल जाते हैं. सम्राट चौधरी की नेटवर्थ लगभग 11 करोड़ रुपये से भी अधिक है. उनके पास 1.71 लाख रुपये नकद, बैंकों में 27 लाख जमा, खुद के नाम 20 लाख का सोना, पत्नी के पास भी 20 लाख का गोल्ड, 32 लाख के शेयर-म्यूचुअल फंड, 8 लाख का LIC, 9 लाख का PPF, 1.5 लाख का SBI लाइफ निवेश, और सबसे बड़ी बात करीब 9.30 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है. धन के मामले में वो बिहार के इन तीन चुनावी दिग्गजों के निर्विवाद सुपर किंग हैं.