बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। एनडीए में सीट बंटवारे पर अंतिम मुहर लग चुकी है और अब उम्मीदवारों की घोषणा का इंतजार है। आज यानी 13 अक्टूबर को पटना के होटल चाणक्या में शाम 4 बजे एनडीए की बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस होने जा रही है, जिसमें भाजपा, जदयू, लोजपा रामविलास, हम और रालोमो के शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि धर्मेंद्र प्रधान की उपस्थिति में प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की जाएगी।
सीट बंटवारे पर बनी सहमति
सूत्रों के अनुसार, एनडीए में सीटों का बंटवारा पूरी तरह से तय हो गया है। भाजपा और जदयू को बराबर सीटें मिली हैं, जबकि लोजपा रामविलास, हम और रालोमो को भी उनका हिस्सा सौंप दिया गया है। रालोमो ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा अनौपचारिक रूप से कर दी है। वहीं, लोजपा रामविलास और हम के उम्मीदवारों के नामों पर अब भी चर्चाएं जारी हैं, लेकिन लिस्ट आज शाम जारी होने की संभावना है।
एनडीए की तैयारी पूरी, आज जारी हो सकती है पहली लिस्ट
धर्मेंद्र प्रधान के नेतृत्व में एनडीए ने पिछले कई दिनों से लगातार बैठकों का दौर चलाया। आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में एनडीए के शीर्ष नेता संयुक्त रूप से उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेंगे। माना जा रहा है कि भाजपा और जदयू दोनों की पहली लिस्ट में प्रमुख चेहरों को शामिल किया जाएगा ताकि चुनावी अभियान को गति दी जा सके।
महागठबंधन में भी जारी मंथन
एनडीए की तैयारियों के बीच महागठबंधन खेमे में भी हलचल बढ़ गई है। दिल्ली में सीट शेयरिंग को लेकर अंतिम दौर की चर्चा चल रही है। उम्मीद है कि आज या कल तक महागठबंधन भी सीटों का बंटवारा और अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर देगा।
चुनावी कैलेंडर तय
बिहार में दो चरणों में मतदान होगा—पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा 11 नवंबर को। मतगणना 14 नवंबर को होगी। दोनों खेमों के उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही बिहार की राजनीति अब पूरी तरह चुनावी रंग में रंग चुकी है।