बिहार चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार जोर-शोर से जारी है. वहीं गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अररिया पहुंचे. इस दौरान पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि राजद और कांग्रेस को गलती से भी जहां मौका मिला, ये घुसपैठियों को पिछले दरवाजे से भारत का नागरिक बनाने में लगे रहे. ये घुसपैठिये आपके खेतों पर कब्जा कर रहे हैं. आपके बच्चों का हक छीन रहे हैं.
"NDA ही कर सकती घुसपैठियों का हिसाब"
पीएम मोदी ने कहा कि इन घुसपैठियों का हिसाब एनडीए की सरकार ही कर सकती है. देश की आस्था से राजद और कांग्रेस को कोई मतलब नहीं है. ये लोग घुसपैठियों के दबाव और वोटबैंक के चलते प्रभु श्रीराम से भी नफरत करते हैं. कांग्रेस के नामदार बिहार आकर छठ पूजा को ड्रामा और नौटंकी बताते हैं. इसके साथ ही महाकुंभ स्नान का भी मजाक उड़ाते हैं.
इसके आगे पीएम मोदी ने कहा कि यहां बिहार में एक सबसे बड़ी चुनौती घुसपैठियों की है. एनडीए पूरी ईमानदारी से घुसपैठियों की पहचान कर रही है और इसे देश से बाहर निकलने का काम करेगी. इसके लिए हमें आपके वोट की जरूरत है. यह राजद कांग्रेस वाले घुसपैठियों को बचाने में जुटे हुए हैं. लोगों को गुमराह करने के लिए राजनीतिक यात्रा निकाल रहे हैं. इसके साथ ही पीएम मोदी ने लोगों से सवालिया लहजे में पूछा कि क्या बिहार से घुसपैठियों को बाहर निकलना चाहिए या नहीं.
"पूरी एक पीढ़ी का भविष्य खा गए राजद नेता"
पीएम मोदी ने आगे कहा कि ये लोग राम मंदिर की आलोचना करते नहीं थकते हैं. बिहार में 15 सालों तक जंगलराज के चलते विकास नील बटे सन्नाटा रहा. आइआइटी, आइआइएम और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी कुछ भी नहीं खोले गए. पूरी एक पीढ़ी का भविष्य राजद के नेता खा गए. एनडीए की सरकार में नीतीश कुमार ने बहुत मेहनत से बिहार को जंगलराज से निकाला है. साल 2014 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद पटना में आइआइटी और एम्स, भागलपुर में ट्रिपल आइटी, नेशनल ला यूनिवर्सिटी, चार सेंट्रल यूनिवर्सिटी खोले गए. गंगा पर चार बड़े पुल बनाए गए. बिहार का विकास एनडीए ही कर सकता है.
"बिहार में सरकार बनाने के नाम पर आपको लूटा गया"
अररिया के फारबिसगंज की चुनावी सभा के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार में सरकार बनाने के नाम पर आपको लूट गया है. मोदी की गारंटी है, नौजवान साथियों आपका सपना ही मोदी का संकल्प है. राहुल और तेजस्वी अपने आप को शहंशाह मानते हैं. मेरा माई बाप आप जनता जनार्दन है. 140 करोड़ देशवासी मेरा परिवार है.बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए आपका वोट बहुत बड़ी ताकत होती है. इस लिए आपको बताना चाहता हूं आपके दादा-दादी नाना नानी ने बिहार को सामाजिक न्याय की भूमि बनाया था. यह जंगल राज वालों ने उसे बर्बाद करके रख दिया.