बिहार चुनाव के पहले चरण में लखीसराय से बड़ी खबर सामने आई है, जहां डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले पर जमकर हंगामा हुआ. खुद विजय सिन्हा ने आरोप लगाते हुए कहा कि RJD समर्थकों ने बूथ नंबर 404 और 405 पर मतदान में बाधा डाली और उनके काफिले पर गोबर, चप्पल और पत्थर फेंके गए. वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि लोग उनकी गाड़ी को घेरकर नारेबाजी कर रहे हैं, जबकि सिन्हा मीडिया से बात करने की कोशिश कर रहे थे. मौके पर हालात इतने बिगड़ गए कि सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए.
गोबर फेंकने से लेकर पत्थरबाजी तक
विजय सिन्हा ने आरोप लगाया कि खोरियारी गांव पहुंचते ही RJD समर्थकों ने उनके काफिले पर हमला कर दिया. कुछ लोगों ने मुर्दाबाद के नारे लगाए और उनके सुरक्षा घेरे को तोड़ने की कोशिश भी की घटना के तुरंत बाद उन्होंने लखीसराय एसपी को फोन कर पूरी स्थिति बताई और कहा कि SP कायर और कमजोर हैं, जो चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभाल नहीं पा रहे. सिन्हा ने चेतावनी भी दी कि अगर उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया गया तो वे मौके पर धरने पर बैठ जाएंगे.
SP-DM ने दी सफाई, भारी फोर्स पहुंची
हंगामे की खबर मिलते ही एसपी अजय कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि सुबह क्षेत्र शांत था, लेकिन बाद में अचानक विरोध शुरू हो गया. वहीं, लखीसराय के डीएम मिथिलेश मिश्रा ने कहा कि मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है और हर उम्मीदवार को अपने क्षेत्र में जाने का अधिकार है. अगर शिकायत मिली तो कार्रवाई होगी। डिप्टी सीएम खुद SP को साथ लेकर उस गांव तक पहुंचे जहां उनका विरोध किया गया था और वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया.
विजय सिन्हा का बुलडोजर वाला बयान चर्चा में
घटना के बाद राजनीतिक तापमान और बढ़ गया है. विजय सिन्हा ने RJD समर्थकों पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि इनकी छाती पर बुलडोजर चलेगा उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पोलिंग एजेंट को बूथ से वापस भेजा गया, जिसे वे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगे. बता दें, ये वही इलाका है जहां 2020 में भी उनका विरोध हुआ था. मतदान जारी है, लेकिन इस झड़प ने पहले चरण के चुनाव को और गर्मा दिया है. अब प्रशासन की कार्रवाई और राजनीतिक प्रतिक्रियाओं पर सबकी निगाहें टिकी हैं.