
बिहार चुनावों का बिगुल बज चुका है. वहीं अब चुनावों में एक महीने से भी कम का समय बचा रह गया है. मगर अब तक एनडीए में सीट शेयरिंग को लेकर बात नहीं बन सकी है. वहीं सीट फाइनल करने को लेकर बिहार एनडीए के सभी नेता शनिवार को दिल्ली में जेपी नड्डा के घर पर जुट गए हैं.
फिलहाल जेपी नड्डा के आवास पर बिहार बीजेपी कोर कमेटी की बैठक चल रही है. इस बैठक में अमित शाह, विनोद तावड़े,धर्मेंद्र प्रधान,सम्राट चौधरी, दिलीप जायसवाल,नितिन नवीन,नित्यानंद राय समेत दूसरे तमाम बड़े नेता मौजूद हैं. सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार पता चला है कि कि 90 से 100 सीटों पर चर्चा चल रही है. इसके साथ ही सीटों का संभावित फॉर्मूला भी सामने आ गया है
सूत्रों के अनुसार बिहार NDA में किसे मिलेंगी कितनी सीटें-
JDU - 101 सीटें
BJP - 100 सीटें
LJP - 26 सीटें
HM - 7 सीटें
RLM - 6 सीटें
फिलहाल 3 सीटों पर बातचीत जारी है.
बिहार में 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी बीजेपी-सूत्र
एनडीए में पिछले लंबे समय से सीटों को लेकर बातचीत जारी है. कभी चिराग नहीं मान रहे, तो कभी मांझी. वहीं अब ये माना जा रहा है कि सभी दलों के बीच लगभग सहमति बन गई है और इसका जल्द ही ऐलान भी कर दिया जाएगा. संभावित फॉर्मूले के अनुसार बीजेपी बिहार में 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि अपने सहयोगी जेडीयू को 101 सीटें देगी. वहीं कुछ सीटों को लेकर घटक दलों के साथ तालमेल पर भी बातचीत जारी है. इसके साथ ही बिहार में हारी हुई 35 सीटों को हासिल करने पर भी बीजेपी अपना पूरा जोर लगाएगी, इस बैठक में इसकी रणनीति को लेकर भी नेता के बीच चर्चा चल रही है.
इसे भी पढ़ें : Afganistan में Pakistan ने किया हमला, एयर स्ट्राइक से मचा काबुल में हड़कंप, जानें अब आगे क्या होगा ?
अब तक कोई बात नहीं हुई पूरी- RLM प्रमुख
फिलहाल RLM प्रमुख उपेन्द्र कुशवाह भी दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं. इस दौरान उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्ट्स में ये कहा जा रहा है कि NDA के भीतर बातचीत पर अंतिम सहमति हो गई है और मेरी पार्टी को कुछ सीटें दी जा रही हैं लेकिन ये सरासर गलत है. अब तक कोई भी बात पूरी नहीं हुई है, यह अभी भी जारी है. बीजेपी नेतृत्व द्वारा दी गई आगे की जानकारी के आधार पर ही वह दिल्ली जा रहे हैं. बातचीत दिल्ली में होगी, तब हम आपको बताएंगे कि क्या चर्चा होगी. सार्वजनिक रूप से इसको लेकर चर्चा नहीं करेंगे कि हमें कितनी सीटें चाहिए. जहां पर ज़रूरत होगी, हम वहां पर बैठकर चर्चा करेंगे.