
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बड़ा हमला बोलते हुए कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. इस दौरान सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने न सिर्फ अपनी आय के स्रोत बताए बल्कि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और मंत्री अशोक चौधरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
वैभव विकास ट्रस्ट को लेकर उठाए सवाल
प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि अशोक चौधरी की बेटी की शादी के बाद वैभव विकास ट्रस्ट के नाम पर 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति खरीदी गई है. उन्होंने ट्रस्ट से जुड़े लोगों से पूछा कि आखिर इतने बड़े पैमाने पर जमीन खरीदने के लिए पैसा कहां से आया. इसके साथ ही प्रशांत किशोर ने मंत्री अशोक चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी बेटी की सगाई के बाद वैभव विकास ट्रस्ट के पास अचानक करीब 100 करोड़ रुपये कैसे आए? इतनी बड़ी रकम से जमीन की खरीददारी पर सवाल खड़े करते हुए उन्होंने ट्रस्ट से जुड़े किशोर कुणाल, अनिता कुणाल और जिया लाल आर्य से भी जवाब मांगा.
सम्राट चौधरी पर हत्या के लगाए आरोप
इसके साथ ही प्रशांत किशोर ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को लेकर सनसनीखेज दावा किया है. उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी छह हत्या के आरोपी हैं और उन्हें तुरंत पद से हटाया जाना चाहिए. इसके साथ ही प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखने और जरूरत पड़ने पर कोर्ट जाने की चेतावनी भी दी. उन्होंने शिल्पी गौतम मर्डर केस और तारापुर हत्याकांड का जिक्र करते हुए सम्राट चौधरी की भूमिका पर सवाल उठाए हैं.
अशोक चौधरी पर ‘कमीशनखोरी’ का आरोप
हाल ही में सामने आए नोट जलाने की घटना को भी प्रशांत किशोर ने अशोक चौधरी से जोड़ते हुए दावा किया कि वह रकम उनके लिए लाई गई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री द्वारा दिए गए 20 हजार करोड़ रुपये के ठेके में 5% कमीशन वसूला गया. इसके साथ ही प्रशांत किशोर ने धमकी दी कि अगर अशोक चौधरी इस्तीफा नहीं देते तो उनका घेराव होगा और राज्यपाल से कार्रवाई की मांग की जाएगी.
अपनी आय और फंडिंग का किया खुलासा
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशांत किशोर ने खुद की फंडिंग को लेकर उठे सवालों का जवाब भी दिया. उन्होंने कहा कि उन्हें पैसा सलाह देने के बदले मिलता है. 2021-22 में उन्होंने परामर्श सेवाओं से 141 करोड़ रुपये कमाए हैं. तीन साल में 30 करोड़ GST और 20 करोड़ आयकर दिया है. उन्होंने यह भी बताया कि 98 करोड़ रुपये उन्होंने अपने निजी पैसे से दान किए हैं.
“अपनी कमाई राज्य के विकास पर करूंगा खर्च”
प्रशांत किशोर ने साफ कहा है कि चाहे बिहार की जनता उन्हें पैसा दे या नहीं, वह अपनी कमाई राज्य के विकास पर खर्च करेंगे. उन्होंने दावा किया कि वह चोरी या गलत काम से पैसा नहीं कमाते, बल्कि पेशेवर सलाह देकर ही आय अर्जित करते हैं.