बिहार में आज पहले चरण का मतदान हो रहा है और जिस अंदाज में जनता वोट कर रही है, उससे एक बात तो साफ हो गई है कि मोदी का कोई काट नहीं है, बिहार की सियासत में मोदी का करिश्मा एक बार फिर हावी नजर आ रहा है. जैसे ही पीएम मोदी ने चुनाव प्रचार में कदम रखा, पूरे बिहार का चुनावी माहौल बदल गया. सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, हर कोई अब मानने लगा है कि मोदी फैक्टर इस बार भी निर्णायक भूमिका निभाने वाला है. पहले फेज की वोटिंग से पहले तक जो हवा महागठबंधन के पक्ष में जाती दिख रही थी, वह अब पूरी तरह एनडीए के पाले में झुक गई है.
ओपिनियन पोल में मोदी के नाम की लहर
पहले चरण की वोटिंग से पहले आए IANS-Matrize ओपिनियन पोल ने विरोधियों की नींद उड़ा दी है. इस सर्वे में 63% लोगों ने कहा कि वे सिर्फ मोदी के नाम पर एनडीए को वोट देंगे, जबकि मात्र 19% ने कहा कि मोदी का असर नहीं पड़ेगा यानी आंकड़े खुद बता रहे हैं कि बिहार में भाजपा-नीतीश गठबंधन के लिए हवा बन चुकी है. वहीं 46% लोगों ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद के लिए पहली पसंद बताया, जबकि तेजस्वी यादव को केवल 15% समर्थन मिला. मतलब साफ है कि नीतीश के अनुभव और मोदी के करिश्मे का कॉम्बिनेशन इस बार विपक्ष के लिए मुश्किल खड़ी करने वाला है.
पहले फेज में दिग्गजों की किस्मत दांव पर
पहले फेज में बिहार की 72 सीटों पर आरजेडी और 57 सीटों पर जेडीयू के उम्मीदवार मैदान में हैं. इसी चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 16 मंत्रियों की सियासी परीक्षा भी हो रही है. इनमें डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा जैसे बड़े नाम शामिल हैं. इस बार का चुनाव कई नई सियासी शख्सियतों के लिए भी अहम है जैसे लालू के बेटे तेज प्रताप यादव अपनी नई पार्टी के साथ मैदान में हैं, जबकि राघोपुर सीट से तेजस्वी यादव की प्रतिष्ठा दांव पर है भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव और गायिका मैथिली ठाकुर की किस्मत का फैसला भी इसी चरण में होना है. लेकिन इन सबके बीच जनता का मूड साफ है वो चाहती है स्थिर सरकार, रोजगार और विकास, और यही बात मोदी के प्रचार ने दिलों में उतार दी है.
महिलाओं ने भी दिखाई मोदी पर आस्था
मतदान के दौरान महिला वोटरों का उत्साह इस बार कुछ अलग ही था। शेखपुरा, सारण और वैशाली जैसे इलाकों में महिलाओं ने खुलकर कहा कि उन्होंने विकास और रोजगार के नाम पर वोट दिया है. एक महिला ने कहा पहली बार मतदान कर अच्छा लगा, अब सरकार को बच्चों की पढ़ाई और नौकरी पर ध्यान देना चाहिए. दूसरी वोटर ने कहा मोदी जी जो कर रहे हैं, वो अच्छा है, बस आगे और बेहतर करें. यानी जनता का मूड अब पूरी तरह स्पष्ट है. जो विकास करेगा, जनता उसी को वोट देगी. पहले चरण की वोटिंग ने ये तो साफ कर दिया कि बिहार की सियासत में मोदी फैक्टर का असर जबरदस्त है.