बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग जारी है. इस फेज में राज्य के 18 जिलों की कुल 121 सीटों पर वोटिंग चल रही है. वहीं अब वोट डालने का तरीका पहले से कहीं अधिक आसान और सुरक्षित हो गया है, लेकिन फिर भी कई मतदाताओं के मन में अक्सर ये सवाल रहता है कि ईवीएम में वोट कैसे डालें, बटन कितनी देर तक दबाएं, और वोट डालने के बाद कैसे सुनिश्चित करें कि उनका वोट सही तरीके से दर्ज हो गया है. यदि आपके मन में भी इस तरह के सवाल उठ रहे हैं तो चुनाव आयोग ने सभी जरूरी जानकारी और निर्देश शेयर कर दिए हैं. जिससे कि मतदाता पूरी तरह से तैयार होकर अपने मत का इस्तेमाल कर सकें. तो आइए जान लेते हैं कि वोटिंग के दौरान किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और वोटिंग प्रक्रिया कैसी होती है.
वोटिंग के समय इन बातों का रखें ध्यान
वोट डालने के लिए सबसे पहले ये जरूरी है कि आपका नाम वोटर लिस्ट में दर्ज हो. इस बात की जांच आप तीन तरीकों से कर सकते हैं.
1. बिहार चुनाव की ऑफिशियल ऑनलाइन वेबसाइट पर जाकर चेक किया जा सकता है.
2. मोबाइल ऐप के जरिए Voter Helpline App डाउनलोड करें और अपना नाम एवं पता डालकर चेक कर लें.
3. वोटिंग सेंटर पर सभी पार्टियों के कैंप में मतदाताओं की पूरी सूची मौजूद होती है, वहां जाकर भी आप अपना नाम देख सकते हैं.
वोटर कार्ड के बिना भी कर सकते हैं वोटिंग
यदि आपके पास वोटर आईडी कार्ड नहीं है, तो भी आप मतदान कर सकते हैं. बस आपका नाम वोटर लिस्ट में होना जरूरी है. इसके लिए आप किसी भी एक वैध पहचान पत्र जैसे पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, सरकारी या सार्वजनिक क्षेत्र का फोटो आईडी कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, पोस्ट ऑफिस पासबुक, मनरेगा जॉब कार्ड, हेल्थ इंश्योरेंस कार्ड, फोटो पेंशन कार्ड, नेशनल पॉपुलेशन रजिस्टर स्मार्ट कार्ड और सांसद, विधायक या विधान परिषद सदस्य से जारी पहचान पत्र का इस्तेमाल कर सकते हैं. इनमें से कोई भी एक पहचान पत्र लेकर मतदान केंद्र पर चले जाएं, आपका वोट मान्य होगा.
बटन दबाने से ही दर्ज हो जाता है वोट
जब आप वोटिंग के लिए मतदान केंद्र पर पहुंचते हैं, तो यहां पर सबसे पहले आपका पहचान पत्र चेक किया जाएगा. इसके बाद आप वोट डाल सकते हैं. ईवीएम मशीन में प्रत्याशियों के नाम और उनके चिन्ह के सामने नीले बटन होते हैं. किसी उम्मीदवार को वोट देने के लिए बस उस बटन को दबाना होता है. वहीं बहुत से लोग ऐसा सोचते हैं कि बटन लंबे समय तक दबाए रखना जरूरी है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है.
चुनाव आयोग ने साफ तौर कहा है कि सिर्फ बटन दबाने से ही आपका वोट दर्ज हो जाता है. जैसे ही आप बटन दबाते हैं, उस प्रत्याशी के नाम के सामने लाल रंग का छोटा चिह्न जलता है और लंबी बीप की आवाज सुनाई देती आती है. चुनाव आयोग की तकनीकी जानकारी के मुताबिक ईवीएम में एक मिनट में ज्यादा से ज्यादा 4 वोट डाले जा सकते हैं.