
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कटरा प्रखंड से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। खंगुराडीह एवं बंधपुरा पंचायत के सीमा पर गोरधुवा पुल के करीब डूबने गांव के पांच बच्चों की मौत हो गई। सभी की मौत तालाब में डूबने से हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चे दोपहर खेलने के लिए गांव के पास बने तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान नहाने के क्रम में वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
गांव में कोहराम मच गया
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजन और स्थानीय लोग बच्चों को बचाने के लिए दौड़े। तब तक देर हो चुकी थी। सभी को आनन-फानन में स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया।
गड्ढे में डूबने से 5 बच्चों की मौत
घटना कटरा प्रखंड के खंगुरा व बंधपुरा पंचायत के गोरधोवा पुल लीची गाछी के पास की है। जहां पानी भरे गड्ढे में डूबने से 5 बच्चों की मौत हो गई। ग्रामीणों ने स्थानीय गोताखोर की मदद से सभी बच्चों के शव को निकाल लिया है। शव की पहचान खंगुराडीह के ही मो.अनस 15 वर्ष पिता मो. शहजाद, मो. हिदायतुल्ला उम्र 14 वर्ष पिता मो. रेयाज , मो. हमजा अली 12 वर्ष पिता कल्लू उर्फ मुस्तफा, मो. रहमान उम्र 12 वर्ष पिता मो.अफताब, और अब्बू तालीम उम्र 12 वर्ष माता नर्गिस प्रवीण के रूप में हुई है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बताया जाता है कि एक साथ सभी बच्चे पानी से भरे गड्ढे में नहाने के लिए आए थे। तभी इस दौरान गड्ढे में पांचों बच्चे फंस गये। सभी के डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों के बीच कोहराम मचा है। एक साथ पांच बच्चों की मौत से गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।