Abhishek Anand Cricket Journey : भारत और जापान के बीच होने वाले ऐतिहासिक टी20 मुकाबले से पहले एक नाम अचानक सुर्खियों में आ गया है। यह नाम है अभिषेक आनंद का, जिनका सफर बिहार के रोहतास जिले से शुरू होकर जापान की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम तक पहुंचा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने उन्हें चर्चा के केंद्र में ला दिया है। जब उनसे पूछा गया कि बिहार से निकलकर जापान की टीम तक कैसे पहुंचे, तो उनका जवाब था, “बिहारी कहां नहीं है भाई।” यही एक लाइन अब क्रिकेट फैंस के बीच खूब पसंद की जा रही है।
IIT कानपुर से जुड़ी खास कहानी
अभिषेक आनंद का क्रिकेट सफर सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने IIT कानपुर से केमिस्ट्री की पढ़ाई की और छात्र जीवन में भी क्रिकेट से अपना रिश्ता बनाए रखा। इतना ही नहीं, उन्होंने IIT कानपुर की क्रिकेट टीम की कप्तानी भी की। पढ़ाई और खेल को साथ लेकर चलने वाले अभिषेक ने उस दौर में भी अपने क्रिकेटिंग सपने को जिंदा रखा, जब अधिकांश छात्र केवल करियर पर ध्यान देते हैं।
नौकरी के लिए पहुंचे जापान
पढ़ाई पूरी करने के बाद अभिषेक नौकरी के सिलसिले में जापान चले गए। नई नौकरी, नया देश और नई जिम्मेदारियों के बीच भी उन्होंने क्रिकेट को नहीं छोड़ा। टोक्यो में रहते हुए उन्होंने क्लब क्रिकेट खेलना जारी रखा। लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर उन्होंने स्थानीय क्रिकेट सर्किट में पहचान बनाई और धीरे-धीरे जापान क्रिकेट बोर्ड की नजरों में आ गए। यही प्रदर्शन उन्हें राष्ट्रीय टीम तक ले गया।
जापान के लिए खेल चुके हैं इंटरनेशनल मैच
28 वर्षीय अभिषेक आनंद ने 9 मई 2025 को कुक आइलैंड्स के खिलाफ जापान के लिए टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था। इसके बाद वह टीम का नियमित हिस्सा बने। अब तक 18 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में उन्होंने 275 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 55 रन रहा है। बल्लेबाजी के अलावा उन्होंने गेंदबाजी में भी योगदान दिया है और एक विकेट अपने नाम किया है। यह उपलब्धि बताती है कि उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी पहचान बनाने में सफलता हासिल की।
भारत के खिलाफ नहीं मिलेगा मौका
हालांकि भारत और जापान के बीच होने वाले ऐतिहासिक मुकाबले में अभिषेक आनंद मैदान पर नजर नहीं आएंगे। जापान ने इस मैच के लिए जो 15 सदस्यीय टीम घोषित की है, उसमें उनका नाम शामिल नहीं है। ऐसे में भारतीय फैंस उन्हें भारत के खिलाफ खेलते हुए नहीं देख पाएंगे। फिर भी उनकी कहानी इस मुकाबले से पहले लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है।
इसे भी पढ़ें : Vaibhav-Abhishek की जोड़ी उतरी तो जापान पर टूटेगा तूफान? बेसबॉल के देश में दिख सकता है क्रिकेट का सबसे बड़ा शो
प्रेरणा बन गई अभिषेक की यात्रा
अभिषेक आनंद की कहानी इसलिए खास मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने क्रिकेट को मुख्य पेशा बनाए बिना भी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय किया। बिहार से IIT कानपुर, फिर जापान में नौकरी और उसके बाद राष्ट्रीय क्रिकेट टीम तक पहुंचना किसी प्रेरणादायक फिल्मी कहानी से कम नहीं है। भारत-जापान मुकाबले से पहले उनकी यात्रा यह साबित कर रही है कि मेहनत, लगन और जुनून हो तो दुनिया के किसी भी कोने में अपनी पहचान बनाई जा सकती है।