Bihar Train Cancellation 2026 : बिहार जाने और राज्य से होकर गुजरने वाली ट्रेनों के यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। रेलवे ने 51 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया है, जबकि 47 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। यह व्यवस्था 4 अक्टूबर तक लागू रहेगी। मोकामा में गंगा नदी पर बने राजेंद्र पुल के पास चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग और नए रेल पुल की सिग्नलिंग से जुड़े काम के कारण यह बदलाव किया गया है। इससे पटना, आरा, सीतामढ़ी समेत बिहार के कई प्रमुख रेल मार्ग प्रभावित होंगे।
राजेंद्र पुल पर चल रहा बड़ा काम
मोकामा और बरौनी को जोड़ने वाला करीब 1.9 किलोमीटर लंबा मौजूदा राजेंद्र पुल 1959 से रेल सेवा में है। यह सिंगल रेल लाइन वाला पुल है, जिसके कारण इस मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होती रही है। इसी समस्या को दूर करने के लिए रेलवे ने 2015-16 के रेल बजट में नए डबल-लाइन रेल पुल को मंजूरी दी थी। अब पुल का निर्माण पूरा हो चुका है और उससे जुड़े सिग्नलिंग कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
नए पुल से बदलेगी रेल आवाजाही
नए डबल-लाइन पुल और सिग्नलिंग व्यवस्था के शुरू होने के बाद इस रेल मार्ग की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। अपर हाथीदह जंक्शन, रामपुर डुमरा, दिनकर ग्राम सिमरिया और बरौनी जंक्शन जैसे स्टेशनों को नई व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। काम पूरा होने के बाद ट्रेनों की आवाजाही बेहतर होने और परिचालन सामान्य होने की उम्मीद है। फिलहाल निर्माण कार्य के कारण कई ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है।
ये भी पढ़ें : PF के कई खातों में फंसा पैसा? घर बैठे मिनटों में करें ट्रांसफर, जानिए पूरा तरीका
इन ट्रेनों को किया गया रद्द
रद्द की गई ट्रेनों में हावड़ा-मोकामा एक्सप्रेस, हावड़ा-जयनगर एक्सप्रेस, रक्सौल-हावड़ा एक्सप्रेस, कोलकाता-आरा गरीब रथ, कोलकाता-जयनगर एक्सप्रेस, कोलकाता-सीतामढ़ी एक्सप्रेस और सहरसा-राजेंद्र नगर इंटरसिटी शामिल हैं। इसके अलावा पटना-मालदा टाउन एक्सप्रेस, अजमेर-भागलपुर हमसफर, आनंद विहार-मालदा टाउन एक्सप्रेस, हावड़ा-दरभंगा एक्सप्रेस, पटना-जयनगर एक्सप्रेस, पुरी-पटना एक्सप्रेस और गोरखपुर-रांची एक्सप्रेस समेत कई सेवाएं भी प्रभावित हैं। यात्रियों को अपनी यात्रा से पहले ट्रेन की तारीख और परिचालन स्थिति जरूर जांचनी चाहिए।
इन प्रमुख ट्रेनों का बदला रूट
रेलवे ने कई लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने का फैसला किया है। इनमें अमृतसर-हावड़ा मेल, हावड़ा-विभूति एक्सप्रेस, पटना-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत, दिल्ली-कामाख्या ब्रह्मपुत्र मेल, हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस और आनंद विहार-भागलपुर गरीब रथ शामिल हैं। देहरादून-हावड़ा कुंभ एक्सप्रेस, अलीपुरद्वार-दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस, हावड़ा-काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस और सियालदह-बलिया एक्सप्रेस भी डायवर्ट रहेंगी। रेलवे ने यात्रियों से स्टेशन जाने से पहले NTES ऐप या 139 पर ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है।