बिहार के शेखपुरा जिले में मंगलवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एकसारी बिगहा के पास ट्रक और ऑटो की जोरदार टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें मां-बेटा भी शामिल हैं। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरातफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग दौड़ पड़े और घायलों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि ऑटो में 12–13 लोग सवार थे और सभी शेखपुरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को सीधी टक्कर मार दी।
पहचान हुई, परिवारों में मातम
मृतकों में टुनटुन यादव की पत्नी आशा देवी और उनका बेटा राहुल शामिल हैं, जिन्हें किसी काम से पटना जाना था। इसके अलावा राजकुमार साव, महेंद्र मांझी की पत्नी अहिल्या देवी और 17 वर्षीय निशा कुमारी की भी मौत हो गई। निशा की बहन प्रिया गंभीर रूप से घायल है और पावापुरी में उसका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई घायलों की हालत गंभीर है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
ये भी पढ़ें : SouthAfrica ने भारत को रौंदा! इतिहास में दर्ज होगाशर्मनाक रिकॉर्ड? Yashasvi अकेले... बाकी बैटिंग हुई फेल
ट्रक जब्त, ड्राइवर फरार
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत पावापुरी अस्पताल भेजा गया। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, लेकिन उसका चालक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर डीएसपी सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। विधायक रणधीर कुमार उर्फ सोनी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। स्थानीय लोग काफी गुस्से में हैं और सड़क पर जाम लगाने की भी कोशिश की।
सरकार ने जताया दुख, कार्रवाई की मांग तेज
घटना पर बिहार के योगी कहे जाने वाले उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि शेखपुरा में जनहानि की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। हादसे ने एक बार फिर निर्देशों, ट्रैफिक नियमों और ओवरलोडिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि दोषी ट्रक चालक की जल्द गिरफ्तारी हो और सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाए जाएं।