Bihari Kadhi Bari Recipe : अगर आप रोजाना दाल-सब्जी खाकर बोर हो गए हैं और लंच में कुछ चटपटा व स्वादिष्ट खाना चाहते हैं, तो बिहारी स्टाइल कढ़ी-बड़ी एक बढ़िया विकल्प है। दही, बेसन और मसालों से तैयार होने वाली यह पारंपरिक डिश बिहार के कई घरों में पसंद की जाती है। गरमा-गरम चावल के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. इसे घर पर बनाना भी काफी आसान है. आइए जानते हैं बिहारी कढ़ी-बड़ी बनाने की आसान रेसिपी.
कढ़ी-बड़ी बनाने के लिए सामग्री
इस रेसिपी के लिए एक कप दही, आधा कप बेसन, जरूरत के अनुसार पानी, एक चम्मच अदरक का पेस्ट, हल्दी, नमक और स्वादानुसार लाल मिर्च पाउडर लें। तड़के के लिए सरसों का तेल या अपनी पसंद का तेल, जीरा, मेथी दाना, हींग, सूखी लाल मिर्च और करी पत्ते इस्तेमाल कर सकते हैं. बड़ी बनाने के लिए एक कप बेसन, बारीक कटी हरी मिर्च, थोड़ा अदरक, अजवाइन, नमक और जरूरत के अनुसार पानी लें.
ऐसे तैयार करें बेसन की बड़ी
एक बर्तन में बेसन डालें। इसमें हरी मिर्च, अदरक, अजवाइन और नमक मिलाएं. थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार करें. अब कड़ाही में तेल गर्म करें और छोटे-छोटे हिस्सों में घोल डालकर बड़ियां सुनहरी होने तक तल लें। इन्हें निकालकर अलग रख दें.
कढ़ी बनाने का आसान तरीका
एक बड़े बर्तन में दही, बेसन, हल्दी और पानी मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें। ध्यान रखें कि घोल में गांठें न रहें। अब कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें जीरा, मेथी दाना, हींग, सूखी लाल मिर्च और अदरक डालकर हल्का भूनें। इसके बाद तैयार दही-बेसन का मिश्रण डालें और लगातार चलाते हुए उबाल आने दें.
कढ़ी में डालें बड़ी
कढ़ी में उबाल आने के बाद आंच धीमी कर दें और इसे लगभग 15 से 20 मिनट तक पकाएं। बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि कढ़ी तले में न लगे. अब इसमें तली हुई बड़ियां डालकर कुछ मिनट और पकाएं। जरूरत के अनुसार नमक और पानी मिलाकर गाढ़ापन ठीक कर लें.
गरमा-गरम चावल के साथ करें सर्व
तैयार बिहारी कढ़ी-बड़ी को हरे धनिये से सजाकर गरमा-गरम चावल के साथ परोसें। चाहें तो इसके साथ पापड़, अचार या भुनी हुई सब्जी भी रख सकते हैं। खट्टे दही और मसालों का स्वाद इस डिश को खास बनाता है। रोज के खाने में बदलाव लाने के लिए यह रेसिपी जरूर ट्राई करें.