Bihari Kadhi Bari Recipe : गर्मियों के मौसम में लोग हल्का, स्वादिष्ट और आसानी से पचने वाला खाना पसंद करते हैं। ऐसे में बिहार की पारंपरिक बड़ी की कढ़ी एक शानदार विकल्प बन सकती है। खट्टे दही, बेसन और मसालेदार बड़ी से तैयार होने वाली यह डिश स्वाद में जितनी लाजवाब होती है, सेहत के लिए भी उतनी ही फायदेमंद मानी जाती है। बिहार के कई घरों में यह खासतौर पर दोपहर के खाने में चावल के साथ परोसी जाती है.
बड़ी की कढ़ी का देसी स्वाद करता है सबको खुश
बिहारी बड़ी की कढ़ी का स्वाद साधारण कढ़ी से थोड़ा अलग और ज्यादा मसालेदार होता है। इसमें इस्तेमाल होने वाली बड़ी मूंग दाल या उड़द दाल से बनाई जाती है, जो कढ़ी में एक अलग ही फ्लेवर जोड़ती है। जब बड़ी मसालों और दही की ग्रेवी में अच्छी तरह पक जाती है, तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। यही वजह है कि यह डिश बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को बेहद पसंद आती है.
ऐसे तैयार करें स्वादिष्ट बिहारी कढ़ी
इस खास डिश को बनाने के लिए सबसे पहले बड़ी को हल्के तेल में सुनहरा होने तक फ्राई किया जाता है। इसके बाद एक बर्तन में दही और बेसन को अच्छी तरह फेंटकर पतला घोल तैयार किया जाता है। ध्यान रखें कि घोल में गुठलियां न रहें। अब कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें और उसमें मेथी दाना, जीरा, सूखी लाल मिर्च और करी पत्ता डालकर तड़का लगाएं.
तड़के में अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर हल्का भूनें. इसके बाद तैयार दही-बेसन का मिश्रण कढ़ाई में डाल दें। कढ़ी को लगातार चलाते हुए मध्यम आंच पर पकाएं ताकि दही फटे नहीं। अब इसमें हल्दी, नमक और लाल मिर्च पाउडर मिलाएं.
बड़ी डालते ही बढ़ जाता है स्वाद
करीब 15 से 20 मिनट तक पकने के बाद कढ़ी गाढ़ी होने लगती है. अब इसमें फ्राई की हुई बड़ी डाल दें और कुछ देर तक धीमी आंच पर पकने दें। बड़ी जब कढ़ी का खट्टा और मसालेदार स्वाद सोख लेती है, तब इसका असली जायका सामने आता है। आखिर में ऊपर से हरा धनिया डालकर इसे सर्व करें.
चावल के साथ लें असली स्वाद का मजा
बिहारी बड़ी की कढ़ी का असली स्वाद गर्मागर्म सादे चावल के साथ आता है. हालांकि कई लोग इसे रोटी और पराठे के साथ भी खाना पसंद करते हैं. गर्मियों में यह डिश पेट को हल्का रखती है और खाने में भी बेहद स्वादिष्ट लगती है। अगर आप रोजमर्रा के खाने से कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो बिहार की यह पारंपरिक बड़ी की कढ़ी जरूर बनाएं। इसका देसी और खट्टा-तीखा स्वाद आपके खाने का मजा दोगुना कर देगा.