Dal Pitha Recipe : अगर आप घर पर कुछ पारंपरिक, स्वादिष्ट और हेल्दी बनाने की सोच रहे हैं, तो बिहार का मशहूर दाल पीठा एक बेहतरीन विकल्प है. यह व्यंजन चावल के आटे और मसालेदार दाल की स्टफिंग से तैयार किया जाता है। स्टीम में पकने की वजह से यह हल्का, पौष्टिक और पचने में आसान होता है। खास मौकों के अलावा इसे नाश्ते, लंच या डिनर में भी बड़े चाव से खाया जाता है। पहली ही बाइट में इसका सॉफ्ट बाहरी हिस्सा और मसालेदार दाल की फिलिंग हर किसी का दिल जीत लेती है.
दाल पीठा बनाने के लिए सामग्री
दाल पीठा तैयार करने के लिए 2 कप चावल का आटा, 1 कप चना दाल, 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट (वैकल्पिक), 2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई, 1 छोटा चम्मच जीरा, आधा छोटा चम्मच अजवाइन, चुटकीभर हींग, 2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया, स्वादानुसार नमक और 1 से 2 बड़े चम्मच सरसों का तेल या घी लें। आटा गूंथने के लिए गर्म पानी भी तैयार रखें.
स्टफिंग तैयार करने का आसान तरीका
सबसे पहले चना दाल को 3 से 4 घंटे तक भिगो दें। इसके बाद दाल का पानी निकालकर उसे दरदरा पीस लें. अब एक पैन में थोड़ा सरसों का तेल गर्म करें और उसमें जीरा, हींग, अजवाइन और हरी मिर्च डालकर भूनें। फिर पिसी हुई दाल, नमक और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर धीमी आंच पर कुछ मिनट तक पकाएं। जब मिश्रण सूखा और खुशबूदार हो जाए, तब उसमें हरा धनिया मिलाकर ठंडा होने दें.
ऐसे तैयार करें पीठा
एक बर्तन में चावल का आटा लें और उसमें थोड़ा-थोड़ा गर्म पानी डालते हुए मुलायम आटा गूंथ लें। अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें हल्का बेलकर या हथेली से फैलाकर कटोरी जैसा आकार दें। इसमें तैयार दाल की स्टफिंग भरें और किनारों को अच्छी तरह बंद कर दें ताकि पकाते समय फिलिंग बाहर न निकले.
स्टीम में पकाने की सही विधि
स्टीमर या इडली कुकर में पानी गर्म करें। तैयार दाल पीठा को स्टीमर प्लेट पर हल्का तेल लगाकर रखें और 15 से 20 मिनट तक मध्यम आंच पर स्टीम करें। जब पीठा का बाहरी हिस्सा चमकदार और मुलायम दिखने लगे, तो समझिए कि यह पूरी तरह तैयार है.
परोसने का तरीका और स्वाद बढ़ाने के टिप्स
गरमा-गरम दाल पीठा को घी, हरी धनिया की चटनी, टमाटर की चटनी या तीखी लहसुन की चटनी के साथ परोसें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा देसी घी डालकर इसका स्वाद और भी बढ़ाया जा सकता है। यदि आप स्टफिंग में सौंफ, काली मिर्च या भुना हुआ जीरा पाउडर मिलाते हैं, तो इसका फ्लेवर और अधिक लाजवाब हो जाता है। कम तेल में बनने वाली यह पारंपरिक डिश स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल है, जिसे परिवार के हर सदस्य के लिए आसानी से घर पर तैयार किया जा सकता है.