जिले के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के एनएच-9 पर शनिवार दोपहर रामा हास्पिटल के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के पास भयानक सड़क हादसे ने दो परिवारों को उजाड़ दिया। हापुड़ की ओर जा रही एक बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पेट्रोल पंप के पास अचानक बैलेंस बिगड़ा
मृतकों की शिनाख्त सलमान (30 वर्ष) और सोनू शर्मा (38 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मुरादनगर थाना क्षेत्र के गांव कुर्सी के रहने वाले थे और गहरे दोस्त थे। सलमान मूल रूप से हापुड़ शहर के मोहल्ला मजीदपुरा का निवासी था, लेकिन पिछले दस साल से ससुराल में ही रह रहा था। शनिवार को वह अपने परिवार से मिलने हापुड़ आ रहा था और पड़ोसी सोनू शर्मा उसके साथ बाइक पर सवार था। लोगों ने बताया कि पेट्रोल पंप के पास अचानक बैलेंस बिगड़ा और बाइक डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद दोनों युवक बाइक से छिटककर दूर जा गिरे। सिर और शरीर पर गहरी चोटें आईं, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई
पिलखुवा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्यौपाल सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शवो को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजन को हादसे की सूचना देकर मामले की जांच शुरू कर दी है।