बुलंदशहर के थाना ककोड़ कोतवाली क्षेत्र के चांगोली मोड़ के पास ऑटो और बाइक की जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार दंपति इरफान और सन्नो की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वही ऑटो चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। जिसकी पुलिस तलाश में जुटी हुई है।
तेज रफ्तार अनियंत्रित ऑटो आ रहा था
गुरुवार को ककोड़ निवासी इरफान और सन्नो बाइक पर सिकंदराबाद से अपने घर की ओर जा रहे थे। तभी थाना ककोड़ कोतवाली क्षेत्र के चांगोली मोड़ के पास सामने से तेज रफ्तार अनियंत्रित ऑटो आ रहा था। सामने से बाइक आते देख ऑटो चालक का नियंत्रण हैंडल से हट गया और सीधा बाइक से टकरा गया। जिससे बाइक सवार दंपति बीच सड़क पर गिर गए। जहाँ इरफान की मौके पर ही मौत हो गई और थाना की पुलिस सन्नो को घायल अवस्था मे अस्पताल ले गई। जहां चिकित्सकों ने सन्नो को भी मृत घोषित कर दिया।
शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने बताया की हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पति-पत्नी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के मुताबिक दंपति सिकंदराबाद से अपने घर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। दुर्घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर रो-रोकर बेहाल नज़र आए। घटना की सूचना पर थाना ककोड पुलिस ने मौके का मुआयना किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को थाने भिजवाकर पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा थाना ककोड कोतवाली क्षेत्र के चांगोली मोड़ के पास हुआ है।