हापुड़। थाना हाफिजपुर क्षेत्र के सादिकपुर गांव के पास अनियंत्रित तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक युवक की मौत हो गई। मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में जिला बुलंदशहर के थाना गुलावठी क्षेत्र के गांव रामनगर, चांद मस्जिद के पास रहने वाली रिहाना ने बताया कि उसका पुत्र जाबिद अपने रिश्तेदार आरिफ के साथ दो मार्च 2026 की रात करीब नौ बजे नोएडा से अपने घर लौट रहा था। जब दोनों युवक थाना हाफिजपुर क्षेत्र के सादिकपुर गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति और लापरवाही से आ रहे कार के चालक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि जाबिद गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ में मौजूद आरिफ बाल-बाल बच गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंच गए। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पीड़िता ने थाना हाफिजपुर में तहरीर देकर कार चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया। थाना हाफिजपुर प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपित चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।