ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार बुलेरो गाड़ी ने उसकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार शाम उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला हुकमसिंह निवासी 23 वर्षीय संजीत पुत्र रतनलाल के रूप में हुई है। संजीत नोएडा फेस टू स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था और रोजाना अपनी बाइक से ड्यूटी पर आता-जाता था।
हादसा उस समय हुआ जब संजीत ड्यूटी खत्म कर गांव लौट रहा था। जीरो प्वाइंट से करीब 23 किलोमीटर दूर गांव मोहम्दाबाद खेड़ा के पास पीछे से आ रही बुलेरो ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद आरोपी चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और घायल संजीत को अस्पताल ले जाया गया। रबूपुरा कोतवाली पुलिस ने बताया कि आरोपी ड्राइवर को कुछ देर बाद ही जेवर टोल प्लाजा से गिरफ्तार कर लिया गया। मृतक के परिजनों ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।