Bulandshahr News: खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में जहांगीरपुर रजवाहे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कैंटर ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और कैंटर अनियंत्रित होकर रजवाहे में जा गिरा।
राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई
हादसे में 19 वर्षीय जीशान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार बंटी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कैंटर तेज गति से चल रहा था। जहांगीरपुर रजवाहे के निकट उसने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कैंटर रजवाहे में जा गिरा। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक जीशान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही कैंटर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।
दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। क्षेत्र में हादसे को लेकर शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।