
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली देहरादून नेशनल हाइवे पर जानसठ फ्लाईओवर के समीप तेज रफ्तार कार ने दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जहां एक को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे को गंभीर अवस्था में रैफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार उत्तरी दिल्ली क्षेत्र के निवासी विजय कुमार मल्होत्रा व दीपक कुमार बाइक पर सवार होकर हरिद्वार घूमने गए थे। रात्रि में दोनों हरिद्वार की ओर से वापस दिल्ली की ओर लौट रहे थे। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में हाइवे पर स्थित जानसठ फ्लाईओवर के पास पीछे से तेज गति से आ रही एक्सयूवी कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों बाइक से उछलकर काफी दूर जा गिरे। दुर्घटना के बाद गाड़ी चालक और उसमें सवार युवक कार को मौके पर छोडकर फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों गंभीर घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डाक्टरों ने उत्तरी दिल्ली इलाका निवासी विजय कुमार मल्होत्रा को मृत घोषित कर दिया। घायल दीपक का प्राइवेट अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। अज्ञात चालक के खिलाफ थाने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है।