Delhi News: पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक मारुति सुजुकी सेलेरियो कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक चला रहे नीरज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सोनम, बेटा हर्षित और बेटी महिमा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।
अचानक बाइक को टक्कर मार दी
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा विकास मार्ग पर रात करीब 1 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी और अचानक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार परिवार सड़क पर गिर पड़ा, जिसमें नीरज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
जांच शुरू कर दी
घायलों को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां सोनम, हर्षित और महिमा की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही थाना शकरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
आरोपी चालक से पूछताछ की जा रही
पुलिस के अनुसार, कार चालक दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जीएमआर कंपनी में काम करता है। फिलहाल आरोपी चालक से पूछताछ की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय कार की रफ्तार कितनी थी और चालक लापरवाही में तो नहीं था।