Bike Taxi Rules : केंद्र सरकार ने बाइक टैक्सी को लेकर बड़ा संकेत दिया है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने राज्य सरकारों से अपील की है कि वे निजी दोपहिया वाहनों को बाइक टैक्सी के रूप में चलाने की अनुमति देने पर विचार करें। उनका मानना है कि इससे लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और परिवहन व्यवस्था भी अधिक सुविधाजनक बनेगी।
राज्यों के हाथ में फैसला
गडकरी ने कहा कि निजी बाइक मालिकों को यात्रियों को ले जाने की अनुमति देने का रास्ता खुला है, लेकिन कई राज्यों ने अभी तक ऐसी सेवाओं को मंजूरी नहीं दी है। चूंकि परिवहन राज्य सूची का विषय है, इसलिए अंतिम फैसला संबंधित राज्य सरकारों को ही लेना होगा। ऐसे में हर राज्य में नियम और शर्तें अलग-अलग हो सकती हैं।
8 करोड़ रोजगार का दावा
केंद्रीय मंत्री का कहना है कि बाइक टैक्सी सेवाओं को बढ़ावा मिलने पर देशभर में करीब 8 करोड़ लोगों के लिए आजीविका के अवसर बन सकते हैं। खासकर ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में यह अतिरिक्त आय का बड़ा साधन साबित हो सकता है। हालांकि बाइक टैक्सी संचालन के लिए परमिट, बीमा और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं राज्य सरकारों के नियमों के अनुसार तय की जाएंगी।
ये भी पढ़ें : 3400 कर्मचारियों पर संकट, Uber का बड़ा फैसला, आखिर क्यों करनी पड़ी छंटनी?
ट्रैफिक नियमों पर सख्ती
गडकरी ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार मोटर वाहन कानून में बदलाव की तैयारी कर रही है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत बार-बार यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ नेगेटिव पॉइंट प्रणाली लागू की जा सकती है। लगातार उल्लंघन करने पर ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित या रद्द भी किया जा सकता है।
ड्राइवरों की सेहत पर फोकस
सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए “सुरक्षा” नामक एक पायलट कार्यक्रम भी शुरू किया गया है। इसके तहत ड्राइवरों, निर्माण श्रमिकों और जोखिम वाले क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों से की गई है।
क्या तुरंत चल सकेगी निजी बाइक?
गडकरी की अपील के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या अब सफेद नंबर प्लेट वाली बाइक से टैक्सी सेवा शुरू की जा सकेगी। हालांकि अभी ऐसा मान लेना जल्दबाजी होगी। किसी भी राज्य में निजी बाइक को बाइक टैक्सी के रूप में चलाने की अनुमति वहां की सरकार और स्थानीय नियमों पर निर्भर करेगी। इसलिए अंतिम निर्णय राज्य सरकारों के आदेश के बाद ही स्पष्ट होगा।