Bilawal Bhutto Zardari: पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के चेयरमैन और पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ज़रदारी ने हाल ही में एक इंटरव्यू में एक बड़ा और चौंकाने वाला बयान दिया है. उन्होंने स्वीकार किया कि अतीत में पाकिस्तान की जमीन का इस्तेमाल भारत में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए हुआ है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में ऐसा नहीं हो रहा और न ही पाकिस्तान की सरकार या सेना अब किसी भी आतंकी संगठन को समर्थन देती है. बिलावल का यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत के जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुए हमलों में पाकिस्तान के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है.
पाकिस्तान भी आंतवाद से रहा है पीड़ित
बिलावल ने अपने बयान में यह भी कहा कि यह कोई आरोप लगाने या दोष स्वीकार करने की कोशिश नहीं है, बल्कि यह एक ईमानदार आत्ममंथन है. उन्होंने यह स्पष्ट किया कि उनका मकसद भारत या किसी और देश को उकसाना नहीं, बल्कि यह दर्शाना है कि पाकिस्तान खुद भी आतंकवाद से पीड़ित रहा है और अब वह इस समस्या के समाधान के लिए गंभीर है. उन्होंने आगे कहा कि यदि भविष्य में कोई प्रमाण सामने आता है कि पाकिस्तान की जमीन से किसी आतंकी घटना को अंजाम दिया गया है, तो देश की सरकार उस पर सख्त कार्रवाई करेगी.
यह भी पढ़ेंःDelhi Heavy Rainfall: बारिश का कहर, बिजली गिरने की संभावना, दिल्ली एनसीआर में 'रेड अलर्ट' जारी
कितना प्रभावित होगा भारत
इस बयान के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच एक नई बहस शुरू हो गई है. कुछ इसे सकारात्मक पहल मान रहे हैं, तो कुछ लोग इसे पाकिस्तान की छवि सुधारने की कोशिश कह रहे हैं. बहरहाल, बिलावल भुट्टो का यह बयान इस बात की ओर संकेत करता है कि पाकिस्तान अब अंतरराष्ट्रीय दबाव और अपने आंतरिक हालात को देखते हुए आतंकवाद के खिलाफ एक नई नीति अपनाने की ओर बढ़ रहा है. यह बयान आने वाले दिनों में भारत-पाक संबंधों को भी प्रभावित कर सकता है.