Jism Movie : बॉलीवुड अभिनेत्री बिपाशा बसु ने अपने करियर के शुरुआती दौर में कई ऐसी भूमिकाएं चुनीं, जिनको लेकर उन्हें लोगों की आलोचना का सामना करना पड़ा। साल 2003 में रिलीज हुई फिल्म ‘जिस्म’ भी उनके करियर का ऐसा ही एक अहम पड़ाव रही। इस फिल्म में बिपाशा ने सोनिया का किरदार निभाया था, जो उस समय की पारंपरिक हीरोइन की छवि से काफी अलग था.
फिल्म करने से रोक रहे थे लोग
बिपाशा ने हालिया बातचीत में बताया कि जब उन्होंने ‘जिस्म’ करने का फैसला लिया, तब इंडस्ट्री के कई लोग उन्हें इस फिल्म से दूर रहने की सलाह दे रहे थे। उन्हें डर था कि फिल्म का बोल्ड और वयस्क विषय उनकी छवि और करियर के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है. कुछ लोगों ने तो यहां तक कह दिया था कि ऐसा प्रोजेक्ट करने के बाद उनका करियर खत्म हो सकता है.
बिपाशा को किरदार पसंद आया
इन चेतावनियों के बावजूद अभिनेत्री ने अपने फैसले पर भरोसा किया। उनका मानना था कि ‘जिस्म’ सिर्फ बोल्ड कंटेंट वाली फिल्म नहीं थी, बल्कि यह वयस्क दर्शकों के लिए बनाई गई एक अलग तरह की प्रेम कहानी थी। उन्हें सोनिया के किरदार में मौजूद कई अलग-अलग पहलू आकर्षक लगे और इसी वजह से उन्होंने फिल्म करने का फैसला किया.
‘जिस्म’ ने बदली पहचान
फिल्म में बिपाशा और जॉन अब्राहम मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। रिलीज के बाद बिपाशा का लुक और उनका किरदार काफी चर्चा में रहा. फिल्म ने अभिनेत्री की पहचान को एक अलग दिशा दी और उन्हें ऐसी अभिनेत्री के तौर पर देखा जाने लगा, जो चुनौतीपूर्ण और पारंपरिक छवि से हटकर भूमिकाएं निभाने का साहस रखती हैं.
अपने फैसले पर कायम रहीं अभिनेत्री
बिपाशा के मुताबिक, उस समय उन्हें जिस फैसले को लेकर डराया जा रहा था, वही आगे चलकर उनके करियर के महत्वपूर्ण कामों में शामिल हो गया। ‘जिस्म’ ने न केवल उन्हें अलग पहचान दी, बल्कि उस दौर में महिला किरदारों को लेकर बनी पारंपरिक सोच को भी चुनौती दी.