नई दिल्ली, शाहदरा जिले के नवीन शाहदरा कॉलोनी में शुक्रवार की रात एक 27 वर्षीय युवक की हत्या से जन्मदिन की खुशियां मातम में बदल गईं. मृतक गगन आही, जो फाइनेंस का काम करता था, अपने घर में जन्मदिन की पार्टी की तैयारी कर रहा था. केक काटना भी नहीं हुआ था कि कुछ दोस्त उसे नीचे बुला ले गए। परिजन बताते हैं कि नीचे पहुंचते ही गगन को गले लगाने के बहाने उसकी कनपटी पर गोली मार दी गई.
जानकारी के मुताबिक गगन की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी और वह महज 10 दिन पहले पिता बना था। परिवार का कहना है कि उसके कुछ दोस्तों ने शराब पी रखी थी और हाल के दिनों में उनका आपस में झगड़ा भी हुआ था। पिता रवि कुमार के मुताबिक, गगन को विश्वास में लेकर नीचे बुलाया गया और “गले लगाकर धोखे से खून कर दिया गया।”
डीसीपी शाहदरा प्रशांत गौतम ने बताया कि रात करीब 11.09 बजे वी-ब्लॉक, छोटू हलवाई की दुकान के पास फायरिंग के बारे में सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम द्वारा गगन को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक गगन इस इलाके का बीसी भी रह चुका था और उसका दो युवकों से हाल ही में कुछ विवाद हुआ था। दोनों पक्ष शुक्रवार रात पैच-अप के लिए मिलने वाले थे।
डीसीपी शाहदरा ने बताया कि आरोपी बाइक पर आए थे। पुलिस ने एक युवक और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को पकड़ लिया है। जबकि दूसरे की तलाश जारी है। घटनास्थल गगन के घर वी-11, नवीन शाहदरा से कुछ ही दूरी पर है। जहां फॉरेंसिक टीम ने तीन निशानों को चिन्हित किया है। शाहदरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.