हरियाणा में वोट चोरी के राहुल गांधी के आरोपों पर बीजेपी ने जोरदार पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि जब कांग्रेस के नेता जनता के लिए काम ही नहीं करते, तो वे चुनाव कैसे जीत सकते हैं। रिजिजू ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि वह नकली नाम लेकर आरोप लगाते हैं और कभी गंभीर विषयों पर बात नहीं करते। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए बार-बार प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं। रिजिजू के अनुसार, बिहार में चुनाव होने वाले हैं लेकिन राहुल गांधी हरियाणा की बात कर रहे हैं, क्योंकि उनके पास बिहार के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है।
एग्जिट पोल पर बीजेपी का तंज
रिजिजू ने राहुल गांधी के एग्जिट पोल वाले बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि 2004 में भी एग्जिट पोल और ओपिनियन पोल एनडीए की जीत दिखा रहे थे, लेकिन नतीजों में यूपीए की सरकार बनी थी। तब बीजेपी ने हार स्वीकार की थी और चुनाव आयोग पर कोई आरोप नहीं लगाया था। रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस का पैटर्न हमेशा एक जैसा रहता है जब नतीजे उनके पक्ष में हों, तो वे लोकतंत्र की तारीफ करते हैं, और जब नतीजे खिलाफ आएं, तो संस्थाओं और मीडिया को दोष देते हैं।
झूठे दावे और ध्यान भटकाने की राजनीति
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी लगातार विदेश जाकर देश और लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए झूठे और अतार्किक दावे कर रहे हैं, लेकिन यह रणनीति अब नहीं चलेगी। रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता भारत विरोधी ताकतों के साथ मिलकर देश को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, मगर यह प्रयास कभी सफल नहीं होगा। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में 25 लाख फर्जी वोटों से चुनाव चोरी होने का दावा किया था।