BJP leader murdered : मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में एक बीजेपी नेता की हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के हिंगोरिया बड़ा गांव में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष श्यामलाल धाकड़ का शव शुक्रवार सुबह उनके ही घर में खून से लथपथ हालत में मिला। यह घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है, जब वे घर की दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। श्यामलाल की मौत की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता व ग्रामीण उनके घर पर जमा हो गए। डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने इस मामले में त्वरित और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।
रात में हुआ हमला, सुबह मिला खून से सना शव
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर के अन्य सदस्य नीचे सो रहे थे, जबकि श्यामलाल धाकड़ ऊपर सोए हुए थे। सुबह जब परिजन ऊपर पहुंचे, तो उनका शव खून से सना मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची है। प्राथमिक जांच में यह हत्या का मामला लग रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
डिप्टी सीएम ने जताया शोक, दिए जांच के आदेश
डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, जो स्वयं मल्हारगढ़ से विधायक हैं, ने सोशल मीडिया पर शोक जताते हुए लिखा, "भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता श्यामलाल धाकड़ का निधन दुखद है। पुलिस को निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।" उन्होंने भरोसा जताया कि आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा।
सक्रिय थे श्यामलाल, पार्टी कार्यक्रमों में दिखती थी मौजूदगी
श्यामलाल धाकड़ भाजपा के बुढ़ा मंडल से उपाध्यक्ष थे और पार्टी के कार्यक्रमों में लगातार सक्रियता दिखाते थे। वे लंबे समय से बीजेपी से जुड़े थे और डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के करीबी माने जाते थे। उनकी हत्या को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में रोष है और सभी ने जल्द न्याय की मांग की है।
पुलिस ने तेज की जांच,
आरोपियों की तलाश शुरू
पुलिस ने आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और हत्या के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है। घटना ने एक बार फिर से ग्रामीण सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।