ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित पूर्वांचल हाइट्स सोसाइटी में एक महिला और उसकी बेटी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. यह घटना एक मामूली कार टक्कर के बाद हुई. इसमें दादरी से बीजेपी विधायक तेजपाल नागर की बेटी प्रियंका भाटी और उनकी सहयोगियों का नाम सामने आया है.
कार की टक्कर को लेकर हुआ विवाद
अतुल कुमार गुप्ता के अनुसार, उनकी पत्नी और बेटी पास के मार्केट से घर लौट रही थीं, तभी रास्ते में उनकी कार को दो महिलाओं ने रोक लिया और टक्कर का आरोप लगाया. हालांकि, दोनों पक्षों ने बाद में अपने-अपने घरों की ओर रुख किया. कुछ समय बाद प्रियंका भाटी, रेखा भाटी, पूनम भाटी और एक अन्य महिला गुप्ता के फ्लैट में घुस आईं और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे दोनों घायल हो गईं. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें गुप्ता को बालों से खींचते हुए और मुक्के मारते हुए देखा जा सकता है.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
अतुल कुमार गुप्ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. जिसके आधार पर प्रियंका भाटी और अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 115(2), 352 और 333 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस ने दोनों घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है और मामले की जांच जारी है. वहीं, रेखा भाटी ने गुप्ता के खिलाफ अपनी कार को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है.
विधायक ने आरोपों को किया खारिज
बीजेपी विधायक तेजपाल नागर ने अपनी बेटी प्रियंका भाटी के खिलाफ लगे आरोपों को राजनीतिक साजिश करार दिया है. उन्होंने कहा कि यह आरोप उनके राजनीतिक विरोधियों द्वारा उनकी छवि को धूमिल करने के लिए लगाए गए हैं.