ग्रेटर नोएडा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा पहुंचे और जीएल बजाज कॉलेज में आयोजित ‘नमो सेवा की अनकही कहानियाँ’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों से प्रेरणा लेकर समाज में चल रही अनकही सेवा कहानियों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. महेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान, जिला प्रभारी कांता कर्दम, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, विधायक मास्टर तेजपाल नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह, पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसोदिया, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, एमएलसी नरेंद्र भाटी, प्रदेश मंत्री महामेधा नागर, क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर, क्षेत्रीय मंत्री आयुष पंवार और जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा भी मौजूद रहे।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सेवा को जनभागीदारी और राष्ट्रनिर्माण से जोड़ा है। इस अभियान से ऐसे काम सामने आएंगे, जो समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी का सार्वजनिक जीवन का सफर 7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुआ और 7 अक्टूबर 2026 को उनके 25 वर्ष के सेवा संकल्प पूरे हो रहे हैं।
भुज भूकंप के बाद गुजरात को खड़ा करना, निवेश लाना, विकसित भारत की दिशा में काम, धारा 370 हटाना, सड़क-एयरपोर्ट-पोर्ट और रेल नेटवर्क मजबूत करना तथा अर्थव्यवस्था को 11वें से चौथे स्थान तक ले जाना उनके प्रमुख कार्यों में शामिल है।
उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर, काशी कॉरिडोर, उज्जैन महाकाल और मथुरा के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासन में अपराध पर कार्रवाई हो रही है और निवेश बढ़ रहा है। डबल इंजन सरकार विकास कार्य कर रही है। गौतमबुद्धनगर प्रदेश की शो-विंडो है और जेवर एयरपोर्ट से क्षेत्र का और विकास होगा।
नवाब सिंह नागर ने कहा कि सेवा की भावना समाज को मजबूत बनाती है और हर व्यक्ति जरूरतमंद की मदद कर राष्ट्रनिर्माण में हिस्सा ले सकता है। जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि सेवा संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।कार्यक्रम में ओबीसी मोर्चा प्रदेश महामंत्री प्रणीत भाटी, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश चौधरी, सतेन्द्र अवाना, पूर्व जिलाध्यक्ष रकम सिंह भाटी, विजय भाटी, गजेंद्र मावी, जिला महामंत्री वीरेंद्र भाटी सहित हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।