भाजपा की सदस्यता और पार्टी का राष्ट्रीय संरक्षक बनाने के नाम पर मेडिकल स्टोर संचालक से धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों द्वारा दिए गए प्रमाण पत्रों की जांच के बाद धोखाधड़ी का राज खुला। इसके लिए आरोपियों ने उससे दो लाख 22 हजार रुपये लिए थे। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सरधना थाने में तहरीर दी है।
दो लाख 22 हजार रुपये लिए थे
सरधना थाना क्षेत्र के मोहल्ला धर्मपुरा निवासी इमरान का मेडिकल स्टोर हैं। शुक्रवार को उन्होंने थाने में दी तहरीर में बताया है कि कस्बे के कुछ लोगों ने उसे भाजपा में सदस्यता दिलाने और राष्ट्रीय संरक्षक बनाने का आश्वासन दिया और इसके लिए दो लाख 22 हजार रुपये लिए थे। पीड़ित का आरोप है कि रुपये लेने के बाद आरोपियों ने उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय संरक्षक बनाए जाने का प्रमाण पत्र भी सौंपा दिया। बाद में उसे प्रमाण पत्रों के फर्जी होने की जानकारी हुई। इसके बाद वह आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगने लगा।
मारने की धमकी देकर भाग गए
पीड़िता का आरोप है कि दो दिन पहले एक आरोपी उनके मेडिकल स्टोर पर आया था। आरोप है कि रुपये मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए भुगत लेने की धमकी दी। आरोप है कि इसके कुछ देर बाद उसके दो अन्य साथी भी मेडिकल स्टोर पर आ गए और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। आरोपी अब उसे लगातार मेडिकल स्टोर बंद कराने की धमकी दे रहे हैं। सरधना पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।