UP Election 2027 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने दो दिवसीय लखनऊ दौरे के दौरान संगठन की तैयारियों का जायजा लिया और चुनावी रणनीति का खाका तैयार किया। इस दौरान उन्होंने संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय होने का संदेश दिया।
हर बूथ को मजबूत बनाने पर जोर
विनोद तावड़े ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठकों में साफ कहा कि 2027 की जीत का आधार बूथ स्तर की मजबूती होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी बूथ कमजोर नहीं रहना चाहिए। इसके लिए प्रत्येक बूथ की स्थिति का आकलन कर अलग-अलग कार्ययोजना बनाने को कहा गया। खासतौर पर उन बूथों की पहचान करने पर जोर दिया गया जहां पिछली बार पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी।
सभी जातियों तक पहुंचने की रणनीति
बैठकों में सामाजिक समीकरणों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। तावड़े ने कहा कि संख्या चाहे कम हो या ज्यादा, किसी भी जाति या समाज को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। पार्टी कार्यकर्ताओं को हर वर्ग तक पहुंचने और उन्हें संगठन से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया। बीजेपी की कोशिश सामाजिक आधार को और व्यापक बनाने की है ताकि चुनावी मुकाबले में अधिकतम समर्थन हासिल किया जा सके।
सपा के PDA की काट तलाशने की कोशिश
समाजवादी पार्टी के PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक फॉर्मूले का जवाब तैयार करने पर भी चर्चा हुई। तावड़े ने पार्टी नेताओं से कहा कि विपक्ष की रणनीति को समझते हुए उसके मुकाबले की योजना बनाई जाए। साथ ही जमीन कब्जे, कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को जनता के बीच प्रभावी ढंग से उठाने पर भी जोर दिया गया। पार्टी इन्हीं मुद्दों के जरिए अपना राजनीतिक संदेश मजबूत करना चाहती है।
विपक्षी उम्मीदवारों पर रहेगी नजर
बीजेपी ने विपक्षी दलों के मजबूत नेताओं और संभावित उम्मीदवारों पर नजर रखने की भी रणनीति बनाई है। तावड़े ने कहा कि जहां विपक्ष मजबूत दिखाई दे, वहां उसकी ताकत का कारण समझकर उसी हिसाब से जवाबी रणनीति तैयार की जाए। पार्टी सूत्रों के मुताबिक 2022 में हारी सीटों और कमजोर क्षेत्रों की समीक्षा कर विशेष अभियान चलाने की योजना भी बनाई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : KKR की कप्तानी पर बढ़ा सस्पेंस, ट्रॉफी जीतते ही Rinku Singh ने पेश कर दी मजबूत दावेदारी
संगठन और सरकार के तालमेल पर फोकस
दौरे के दौरान विनोद तावड़े ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों और संगठन के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। बैठकों में सरकार की योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने और विकास कार्यों को प्रमुख मुद्दा बनाने पर चर्चा हुई। साथ ही पदाधिकारियों को वीआईपी संस्कृति से दूर रहकर अपने क्षेत्रों में ज्यादा समय देने के निर्देश दिए गए। बीजेपी का मानना है कि मजबूत संगठन, सरकार के कामकाज और बूथ स्तर की तैयारी के दम पर वह 2027 में सत्ता की हैट्रिक लगाने की कोशिश करेगी।