उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव- 2027 को लेकर भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज करते हुए शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में कोर कमेटी की अहम बैठक की। बैठक में मिशन-2027 की रणनीति, संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय, बूथ प्रबंधन और विपक्ष की चुनौती से निपटने के साथ कमजोर क्षेत्रों में पार्टी का प्रदर्शन सुधारने पर गहन मंथन हुआ। बैठक के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सरकार बनाने के दावे पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का यह दावा ‘मुंगेरी लाल के हसीन सपने’ जैसा है। भाजपा प्रदेश में अपने काम और संगठन की ताकत के आधार पर फिर सरकार बनाएगी।
बूथों को चिह्नित किया
कोर कमेटी की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को केंद्र में रखते हुए संगठन की जमीनी स्थिति की समीक्षा की गई। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने कमजोर माने जाने वाले क्षेत्रों और बूथों को चिह्नित कर वहां विशेष अभियान चलाने तथा संगठन को और सक्रिय करने की रणनीति बनाई है। सामाजिक समीकरणों को साधने के साथ सभी वर्गों तक पहुंच बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्री और प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सरकार और संगठन के बीच समन्वय को चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण आधार बनाने पर सहमति बनी। बैठक में 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। पार्टी इस अभियान को जनसंपर्क का बड़ा माध्यम बनाते हुए जिला, विधानसभा और मंडल के साथ बूथ स्तर तक ले जाने की तैयारी में है। सेवा, जनभागीदारी और केंद्र-प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा।
सरकार की योजनाओं का संदेश
भाजपा नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं को लाभार्थियों से लगातार संपर्क बनाए रखने और सरकार की योजनाओं का संदेश घर-घर पहुंचाने के निर्देश दिए। विपक्षी दलों की गतिविधियों और संभावित राजनीतिक गठजोड़ों पर भी नजर रखने की रणनीति बनी। बैठक से साफ है कि भाजपा ने 2027 की लड़ाई को अभी से संगठन बनाम विपक्ष के मुकाबले के रूप में तैयार करना शुरू कर दिया है।